13 दिसंबर 2025 को विश्व प्रसिद्ध महाबोधी मंदिर परिसर, बोधगया में स्थित पवित्र बोधी वृक्ष के सानिध्य में आयोजित 20वें अंतरराष्ट्रीय तिपिटक जाप समारोह में ब्रह्माकुमारीज़ की गरिमामयी एवं प्रभावशाली उपस्थिति रही। यह आयोजन महात्मा बुद्ध के उपदेशों के संरक्षण एवं विश्व शांति के संदेश के प्रसार हेतु आयोजित किया गया, जिसमें भारत सहित अनेक देशों से आए बौद्ध भिक्षु, साधक एवं श्रद्धालु सहभागी बने।
इस अंतरराष्ट्रीय समारोह में ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका एवं गीता ज्ञान विदुषी बी.के. उषा दीदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने आध्यात्मिक चेतना, आंतरिक शांति एवं सार्वभौमिक भाईचारे पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की शोभा बिहार के माननीय राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान जी की गरिमामयी उपस्थिति से और बढ़ गई। यह आयोजन बौद्ध परंपरा का उत्सव होने के साथ-साथ विश्व शांति और सद्भावना का आध्यात्मिक संगम सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के पश्चात राजभवन में विशेष मुलाकात के दौरान माननीय राज्यपाल द्वारा बी.के. उषा बहन का सम्मान किया गया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ के आध्यात्मिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज एवं मानवता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया।























