3 फरवरी 2026 को, विश्व-प्रसिद्ध भोजपुर शिव भोजेश्वर मंदिर के निकट, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ब्लेसिंग हाउस, भोपाल द्वारा प्रस्तावित आध्यात्मिक संग्रहालय एवं डिवाइन विज़्डम पार्क का भव्य भूमि पूजन समारोह श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर माउंट आबू से पधारी वरिष्ठ राजयोगिनी बी.के. शारदा दीदी का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। अपने आशीर्वचनों में शारदा दीदी ने कहा कि
यह स्थान मध्यप्रदेश के लोगों के लिए आध्यात्मिक उन्नति, मानसिक शांति तथा तनाव और भागदौड़ से दूर सुकून भरी जीवनशैली का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहाँ नैतिक, पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है, वहीं ब्रह्माकुमारीज़ जैसी आध्यात्मिक संस्थाएँ मूल्यों के पुनर्निर्माण का श्रेष्ठ कार्य कर रही हैं। यह स्थल शांति, शक्ति और दिव्य गुणों का प्रकाश स्तंभ बनकर मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ब्लेसिंग हाउस भोपाल की प्रभारी बी.के. डॉ. रीना दीदी ने कहा कि
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान समाज को विषय-विकारों से मुक्त कर स्वस्थ, संतुलित एवं श्रेष्ठ जीवनशैली अपनाने में सहायक है। उन्होंने बताया कि यह नया परिसर क्षेत्र में नशा मुक्ति, व्यसन मुक्ति, विकारमुक्त जीवन, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक परिवर्तन से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाएगा। शांत, प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में राजयोग अभ्यास साधकों के लिए अधिक प्रभावी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर भोपाल ज़ोन की राजयोगिनी बी.के. निर्मला दीदी एवं राजयोगिनी बी.के. शैलजा दीदी सहित वरिष्ठ बहनों ने अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री अवधेश प्रताप सिंह जी ने कहा कि यह स्थान मानव जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला सिद्ध होगा।
भोजपुर शिव मंदिर के महंत श्री शैलेन्द्र गिरी जी ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमार डॉ. रवीन्द्र भाई ने सभी सम्मानित अतिथियों एवं सहभागियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। भूमि पूजन के अवसर पर भोपाल ज़ोन की 100 से अधिक ब्रह्माकुमारीज़ बहनें तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न सेवा केन्द्रों से सैकड़ों भाई-बहनें उपस्थित रहीं। सभी आगंतुकों को सम्मानपूर्वक उपहार, प्रसाद एवं आध्यात्मिक सौगात भेंट की गई।
कार्यक्रम की शोभा छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई। कार्यक्रम से पूर्व परमात्मा शिव का ध्वजारोहण किया गया तथा भूमि पूजन भारतीय संस्कृति के अनुरूप मंत्रोच्चार एवं विधिवत आध्यात्मिक विधि से सम्पन्न हुआ।
यह आध्यात्मिक संग्रहालय एवं डिवाइन विज़्डम पार्क भविष्य में राजयोग मेडिटेशन भवन, हीलिंग गार्डन, लाइब्रेरी, आध्यात्मिक संग्रहालय, काउंसलिंग रूम, लेज़र शो तथा डिवाइन विज़्डम पार्क जैसी आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को मानसिक शांति, नैतिक शिक्षा और आध्यात्मिक सशक्तिकरण प्रदान करना है।
यह आयोजन निश्चित रूप से भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के आध्यात्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला सिद्ध होगा।






























