चंडीगढ़, 22 अगस्त 2025 – ब्रह्मा कुमारीज सेवा केंद्र आनंद निकेतन, सेक्टर 46-बी द्वारा विश्व बंधुत्व दिवस एवं दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज, चंडीगढ़ में एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य समाज में भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना एवं जरूरतमंदों की सहायता हेतु रक्तदान को प्रोत्साहित करना था।
इस शिविर में 62 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिसमें विकलांग भाई-बहनों से लेकर पुलिस अधिकारियों तक ने स्वेच्छा से भाग लिया। रक्तदाताओं के लिए कुल 10 टेबल लगाए गए तथा सेवा केंद्र द्वारा अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। रक्तदान उपरांत सभी को ईश्वरीय सौगात एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों में गुरप्रीत गाबी (क्षेत्रीय काउंसलर), श्रीमती बिनू डोगरा (कॉलेज प्रिंसिपल), सत्याजीत (एनएसएस इंचार्ज), संजय मेहंदीरेत्ता (लायन सुप्रीम क्लब चार्टर प्रेजिडेंट), राजेंद्र जैन (सेवा भारती प्रेजिडेंट), अनूप सरीन (भारतीय संस्कृत ज्ञान प्रेजिडेंट), बीके पूनम दीदी (केंद्र प्रभारी), बीके शिफाली बहन एवं बीके मोनिका दीदी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान अध्यात्मिक एवं विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से रक्तदाताओं को ईश्वरीय ज्ञान भी प्रदान किया गया। प्रदर्शनी में तनाव एवं एकाग्रता स्तर की जांच की गई तथा राजयोग ध्यान के माध्यम से उनके समाधान की विधि समझाई गई।
ब्लड बैंक – गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, सेक्टर 32, चंडीगढ़ की डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने रक्तदाताओं की जांच कर सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर केंद्र प्रभारी बीके पूनम दीदी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि *“रक्तदान महादान है। यह एक अनमोल सौगात है जो न तो किसी फैक्ट्री में और न ही किसी लैबोरेटरी में तैयार की जा सकती है। रक्तदान के माध्यम से किसी की जीवन रक्षा करना सबसे बड़ा पुण्य है।”* उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि रक्तदान करते समय शुभ संकल्प लें कि “हम शुद्ध पवित्र आत्मा हैं और हमारा रक्त जिससे भी जुड़े, वह भी शुद्ध पवित्र आत्मा बने।”
अंत में बीके पूनम दीदी ने शिविर में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में रक्त की कमी को पूरा करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथियों के साथ बीके पूनम दीदी, बीके शिफाली दीदी एवं बीके मोनिका दीदी





























