स्वामी अमरदेव पब्लिक स्कूल, डेरावाल नगर, दिल्ली में ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा “परिवार और व्यवहार में संतुलन” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में प्रेम, समझ और संतुलन के मूल्यों को पुनः जागृत करना था।
मुख्य अतिथि, दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी ने कहा कि “ब्रह्माकुमारी समाज को राह दिखाने वाला एक प्रकाश कुंज है।” उन्होंने बताया कि संस्था नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल-संवर्धन और आत्म-सशक्तिकरण जैसे विषयों पर समाज में गहरी चेतना जागृत कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में आत्मस्मृति और ईश्वरीय मूल्यों का पालन ही परिवारों में समरसता लाने का मार्ग है।
अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता बी.के. शिवानी ने अपने उद्बोधन में बताया कि “संकल्प से वृत्ति, वृत्ति से दृष्टि और दृष्टि से सृष्टि बनती है।” उन्होंने कहा कि जब मन ईश्वर से जुड़ता है, तो विचार निर्मल होते हैं और आत्मबल अनेक गुना बढ़ जाता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.के. चक्रधारी दीदी और बी.के. रानी दीदी ने की। मुख्य अतिथियों में विधायक श्री अशोक गोयल देवराहा और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मोहित गुप्ता भी उपस्थित रहे। विशेष रूप से इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बी.के. जयंती दीदी की उपस्थिति ने सभा में आध्यात्मिक ऊर्जस्विता और प्रेरणा का संचार किया।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण मधुर संगीत, ईश्वरीय अनुभूति और आत्मिक शांति से भरा रहा। समापन पर सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि हर घर में संतुलन, शांति और आध्यात्मिकता का प्रकाश फैलाया जाए।

























