15 जनवरी 2025 को आरएसएस के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इंदौर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, खातीवाला टैंक में “सप्तशक्ति संगम” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति का सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता तथा सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय से जुड़ी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. शशि दीदी को समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार, महिला सशक्तिकरण एवं सकारात्मक जीवनशैली के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सुश्री रेखा चुड़ासमा दीदी रहीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सरिता मंगवानी दीदी ने की। मंच पर श्रीमती डॉ. हिना नीमा दीदी एवं श्रीमती डॉ. पिंकी हरदिया दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीलू नीमा दीदी द्वारा किया गया।
सम्मान समारोह के उपरांत अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में बी.के. शशि दीदी ने उपस्थित कन्याओं एवं माताओं को प्रतिदिन राजयोग मेडिटेशन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान से मानसिक शांति, आत्मबल एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है। साथ ही उन्होंने मोबाइल के विवेकपूर्ण एवं सीमित उपयोग पर भी बल देते हुए कहा कि तकनीक का संतुलित प्रयोग जीवन को सशक्त बनाता है, जबकि उसका अत्यधिक उपयोग एकाग्रता एवं संस्कारों को प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने बी.के. शशि दीदी के विचारों को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। संपूर्ण आयोजन सकारात्मक ऊर्जा, आत्मचिंतन तथा सशक्त समाज निर्माण के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





























