28 नवंबर 2025 को लखनऊ स्थित गुलजार उपवन राजयोग ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने ब्रह्माकुमारी बहनों को एकता और विश्वास का दिव्य कलश प्रदान कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर ब्रह्माकुमारीज़ की वार्षिक थीम का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। इस अवसर पर परिसर में उपस्थित लगभग तीन हजार से अधिक गणमान्य लोगों ने गर्मजोशी से राष्ट्रपति जी का स्वागत किया।
अपने प्रेरक संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने कहा कि शांत और स्थिर मन ही विश्व शांति और विश्व एकता की नींव है। उन्होंने बताया कि जब मन में शांति, विचारों में पवित्रता और भावनाओं में करुणा होती है, तभी समाज में विश्वास, प्रेम और भाईचारा स्थापित हो सकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा विश्व शांति, नारी सशक्तिकरण, मूल्य आधारित शिक्षा और राजयोग के क्षेत्र में किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की हार्दिक सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी ने मेडिटेशन रूम में राजयोग ध्यान का अनुभव किया तथा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पौधारोपण भी किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आतंकवाद और उपद्रव जैसी चुनौतियों के पीछे मन की अस्थिरता होती है, जबकि राजयोग मन को सकारात्मकता की ओर ले जाता है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जी ने कहा कि स्व-परिवर्तन ही विश्व-परिवर्तन का प्रथम और सबसे शक्तिशाली मार्ग है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ की वरिष्ठ बहनों—राजयोगिनी बीके संतोष दीदी, बीके प्रभा दीदी, बीके राधा दीदी, बीके मनोरमा दीदी, बीके मृत्युंजय भाई सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। शहर के 400+ बिजनेसमैन, 100+ डॉक्टर, 300+ प्रशासनिक अधिकारी और हजारों भाई-बहनों ने इस आयोजन में भाग लिया।
यह राज्य स्तरीय शुभारंभ पूरे प्रदेश में विश्व एकता, विश्वास और आध्यात्मिक जागरण का सशक्त संदेश देने वाला प्रेरक कदम सिद्ध हुआ।


























