15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आगरा स्थित Brahma Kumaris Gallery of Spiritual Love and Wisdom में 90वीं शिव जयंती अत्यंत श्रद्धा, उमंग एवं आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का उद्देश्य शिवरात्रि के वास्तविक आध्यात्मिक रहस्य को समाज के समक्ष स्पष्ट करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित होकर कार्यक्रम से लाभान्वित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग योगाभ्यास एवं मुरली श्रवण से हुआ, जिसके पश्चात शिव ध्वजारोहण कर परमपिता परमात्मा शिव का दिव्य जन्मोत्सव मनाया गया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने परमात्म स्मृति में रहकर वातावरण को अत्यंत शांतिमय और आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि महाशिवरात्रि वह पावन रात्रि है जब परमपिता परमात्मा शिव निराकार ज्योति स्वरूप में धरा पर अवतरित होकर अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। यह आत्म-जागृति, विकारों से मुक्ति और पवित्र जीवन अपनाने का प्रेरणादायक महापर्व है।
म्यूजियम प्रभारी बीके मधु बहन ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवरात्रि आत्मा के जागरण का पर्व है, जिसमें हम अपने जीवन को विकारों से मुक्त कर दिव्य गुणों से भरने का संकल्प लेते हैं।
बीके माला बहन ने शिव और शंकर के अंतर को स्पष्ट करते हुए बताया कि शिव निराकार परमात्मा हैं, जो ज्ञान के सागर हैं।
बीके संगीता बहन ने राजयोग के माध्यम से मानसिक शांति एवं आत्मिक शक्ति प्राप्त करने का सरल मार्ग बताया।
इस अवसर पर नगर निगम पार्षद मधु मौर्य जी एवं भाजपा सदस्य आशीष कुमार जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का आध्यात्मिक सम्मान किया गया तथा उन्होंने ईश्वरीय ज्ञान को जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कुमार डेली नीड्स के संचालक कुमार जी एवं बीएसएनएल के डीजीएम अनूप भाई ने शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शिव गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिवरात्रि पर चढ़ाए जाने वाले प्रतीकों का आध्यात्मिक रहस्य भी सुंदर ढंग से समझाया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
बीके रामबहादुर भाई, विवेक भाई, रामदास भाई एवं अन्य भाई-बहनों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में शिव जयंती का केक कटिंग कर दिव्य जन्मोत्सव मनाया गया तथा भोग प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
बड़ी संख्या में उपस्थित नगरवासियों की सहभागिता ने इस आध्यात्मिक आयोजन को अत्यंत प्रेरणादायक और सफल बना दिया।























