22 जनवरी 2026, बुधवार (मीडिया प्रभाग) को राजधानी रायपुर के सड्ढू स्थित ब्रह्माकुमारीज़ शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में पुलिस मितान सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि
पुलिस मितान सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस मितान गांवों और मोहल्लों में नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम को भी बेहतर बनाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस मितान ऐप का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि
छत्तीसगढ़ में मितान बनाने की परंपरा एक सुंदर और मानवीय परंपरा रही है। पुलिस को मितान बनाकर सड़क सुरक्षा के लिए किया जा रहा कार्य पुण्य का कार्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस मितान साथियों के निरंतर प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी और आम नागरिकों का जीवन अधिक सुरक्षित बनेगा।
सम्मेलन में उपस्थित गृह एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि
पुलिस से अच्छा कोई मितान नहीं हो सकता। पुलिस जवान कठिन परिस्थितियों में भी अनुशासन और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं। अब पुलिस मितान, पुलिस के साथ मिलकर समाज की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारीज़ सविता दीदी, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अपर पुलिस महानिदेशक श्री प्रदीप गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार, आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, श्री राम गर्ग सहित बड़ी संख्या में पुलिस मितान एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
































