3 दिसंबर 2025 को राष्ट्रपति भवन की पावन परिधि में ब्रह्माकुमारीज़ के तीन प्रमुख प्रभागों — साइंटिस्ट एंड इंजीनियरिंग विंग, ज्यूरिस्ट विंग तथा शिपिंग, एविएशन एवं टूरिज़्म विंग — द्वारा वर्षभर की सेवाओं का वार्षिक वृतांत महामहिम राष्ट्रपति महोदया के समक्ष विनम्रतापूर्वक प्रस्तुत किया गया। इस विशेष अवसर पर देशभर से 200 से अधिक वरिष्ठ बीके सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को अत्यंत गरिमामयी बना दिया।
प्रत्येक विंग के संयोजकों ने अपनी प्रेरणादायक प्रस्तुति में वर्षभर की सामाजिक सेवाओं, विशिष्ट उपलब्धियों तथा आगामी योजनाओं का विस्तृत विवरण रखा। साथ ही, उन्होंने राष्ट्र के प्रथम नागरिक के प्रति सम्मानपूर्वक उनके गौरव, विनम्रता, सेवा-भाव और राष्ट्रहित में समर्पित जीवन का हृदय से उल्लेख किया। सभी सदस्यों ने इस दिव्य अवसर पर साक्षी बनने के लिए महामहिम राष्ट्रपति महोदया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपति महोदया ने भी ब्रह्माकुमारीज़ के विभिन्न विंग्स द्वारा किए जा रहे निस्वार्थ सेवाकार्यों की सराहना की तथा भविष्य के लिए उत्साहवर्धक प्रेरणाएँ प्रदान कीं, जो सभी उपस्थित सदस्यों के लिए अत्यंत प्रोत्साहनकारी रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रपति भवन में पवित्र ब्रह्मा भोजन का सुंदर आयोजन हुआ, जिसे बीके भाई द्वारा विधिवत भोग समर्पित कर तैयार किया गया था। इस सौभाग्यशाली संगम में माउंट आबू से बीके लता एवं बीके मोहन सिंघल, भिलाई से बीके आशा व बीके अरुण, दिल्ली से बीके पुष्पा व बीके श्रद्धा, बेलगाम से बीके विद्या, पानीपत से बीके सरला एवं बीके भारत भूषण, कानपुर से बीके प्रकाश एवं बीके उमा, मुंबई से बीके मीरा व बीके कमलेश सहित विभिन्न प्रांतों से आए 200 से अधिक बीके भाई–बहनों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
यह दिवस ब्रह्माकुमारीज़ की सेवाओं, राष्ट्र के प्रति निष्ठा तथा आध्यात्मिक मूल्यों की सुगंध को देश के सर्वोच्च स्थल तक पहुँचाने वाला एक अविस्मरणीय अध्याय बनकर सदा के लिए अंकित हो गया।




























