पाटन, गुजरात में 19 दिसम्बर की सायं एक भव्य आध्यात्मिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन खोड़ाभा हॉल में किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविख्यात आध्यात्मिक वक्ता आदरणीय राजयोगिनी बी. के. शिवानी दीदी जी ने “संस्कार परिवर्तन से संसार परिवर्तन कैसे करें” विषय पर अपना प्रभावशाली उद्बोधन प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में लगभग 3000 लोगों ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
अपने उद्बोधन में शिवानी दीदी जी ने बताया कि आज हम मनुष्य आत्माएँ समय के साथ कमजोर होती जा रही हैं, जिसके कारण हमारे दैवीय संस्कार, जो कभी देने वाले थे, अब लेने वाले बन गए हैं। आपने स्पष्ट किया कि यदि हम परमात्मा की याद और राजयोग की शिक्षा के माध्यम से अपने संस्कारों को पुनः दैवीय बनाएँ, तो निश्चित रूप से यह सृष्टि भी परिवर्तन होकर दैवीय सृष्टि बन जाएगी। ऐसी सृष्टि में प्रत्येक आत्मा देव तुल्य होगी और सुख, शांति, पवित्रता एवं सम्पन्नता से परिपूर्ण जीवन का अनुभव करेगी।
इस अवसर पर पाटन के विधायक भ्राता डॉ. किरीट भाई पटेल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था में इतनी शिक्षित बहनें समर्पित भाव से सेवाएँ कर रही हैं और विश्व परिवर्तन के महान कार्य में लगी हुई हैं, इसलिए भारत का एक दिन विश्व गुरु बनना निश्चित है।
कार्यक्रम में भ्राता के. सी. पटेल, डायरेक्टर – हुडको ने कहा कि वे इस संस्था को बचपन से जानते हैं। ब्रह्माकुमारीज़ की बहनों ने अत्यंत मेहनत करके पाटन में श्रेष्ठ सेवाएँ की हैं और अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
इस कार्यक्रम में भ्राता मोहन भाई पटेल, पूर्व अध्यक्ष – जिला पंचायत, पाटन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही शहर के अनेक गणमान्य नागरिक तथा ब्रह्माकुमारीज़ पाटन केंद्र के भाई-बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह आध्यात्मिक कार्यक्रम उपस्थित सभी आत्माओं के लिए आत्मिक सशक्तिकरण और जीवन परिवर्तन का एक प्रेरणादायी अनुभव सिद्ध हुआ।




















