22 दिसंबर 2025 को रायपुर के इण्डोर स्टेडियम में सात्विक विचारों का प्रकाश उस समय सम्पूर्ण वातावरण में फैल गया, जब ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी के प्रेरक वचनों ने दीप बनकर जनमानस को आलोकित किया। चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं ब्रह्माकुमारीज उद्योग प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से आए हज़ारों लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य विषय अनिश्चितता से निपटने की कला रहा, जिसमें शिवानी दीदी ने अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली शब्दों में जीवन प्रबंधन, मानसिक सशक्तिकरण और आध्यात्मिक दृष्टि से व्यवसाय एवं व्यक्तिगत जीवन को संतुलित करने की कला समझाई। अपने उद्बोधन में शिवानी दीदी ने स्पष्ट कहा कि
व्यवसाय केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, शुभ भावनाओं और मूल्यों को समाज तक पहुँचाने का सशक्त साधन है। उन्होंने यह संदेश दिया कि धन के साथ दुआएँ कमाना और विचारों की गुणवत्ता बढ़ाना ही सच्चे जीवन प्रबंधन की कला है।
कार्यक्रम के दौरान राजयोग ध्यान का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह ने गहन शांति, स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। ध्यान सत्र ने सभी के मन को भीतर से सशक्त और संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम उपस्थित सभी लोगों के लिए शांति, प्रेरणा और सकारात्मक सोच का सशक्त अनुभव बना।


























