मॉस्को स्थित एनआरआई क्लब द्वारा हाल ही में “Civilian Order of Afanasi Nikitin” नामक एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य भारत और रूस के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं वैज्ञानिक संबंधों को सुदृढ़ करना था।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मॉस्को में भारतीय दूतावास के उप-मिशन प्रमुख श्री निकलेश गिरी ने की। समारोह में भारत और रूस दोनों देशों के उन विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसी क्रम में ब्रह्मा कुमारीज़, मॉस्को की निदेशिका बी.के. सुधा को “Civilian Order of Afanasi Nikitin” से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उनके समर्पण, सेवा भावना एवं भारत-रूस मैत्री को सशक्त करने में किए गए अद्वितीय योगदान की सराहना की।
इसके अतिरिक्त, भारतीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र सीता (SITA)) की निदेशक दाशा कुटवानी, वरिष्ठ पत्रकार विनय शुक्ला, हिंदुस्तानी समाज के अध्यक्ष काश्मीर सिंह, तथा सामाजिक कार्यकर्ता कट्र सिंह सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी इस सम्मान से अलंकृत किया गया।
इस अवसर ने भारत और रूस के बीच सहयोग, सौहार्द एवं आध्यात्मिक एकता की एक नई ज्योति प्रज्वलित की। यह सम्मान समारोह दोनों देशों के बीच गहरी मित्रता और संस्कृतियों के समन्वय का प्रतीक बना।



























