नीमच, दिनांक 29 अक्टूबर 2025 – ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय तनाव मुक्त खुशहाल जीवन शैली शिविर का समापन परम शांति और आत्मअनुभूति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस शिविर में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों प्रतिभागियों ने सहभागिता कर राजयोग मेडिटेशन का अनुभव प्राप्त किया।
शिविर के तीसरे और अंतिम दिन विश्व प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता प्रो. ई. वी. गिरीश जी ने जीवन के मूल तत्वों पर गहन प्रकाश डालते हुए कहा कि हम दिनभर अनेक लोगों से मिलते हैं, पर अपने आप से मिलने का समय नहीं निकालते। मन को दोष देने की बजाय उसे अपना सबसे अच्छा मित्र बनाना सीखना ही सच्ची खुशी की कुंजी है।” उन्होंने बताया कि आत्मा का सच्चा ज्ञान प्राप्त होने पर मनुष्य सुख, शांति, प्रेम, आनंद, पवित्रता और शक्ति जैसे अपने मूल गुणों से जुड़ जाता है।
अंतिम सत्र की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, सिविल जज शोभना मीणा, राजयोगिनी बी.के. सविता दीदी, बी.के. सुरेन्द्र भाई, हार्टफुलनेस ग्रुप के राजमल व्यास, इंजीनियर बी.एल. गौर, तथा पर्यावरण मित्र जगदीश शर्मा सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भाग लिया।
विधायक श्री परिहार ने अपने संबोधन में ब्रह्माकुमारी संस्थान के मानव उत्थान और नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु किए जा रहे विश्वव्यापी प्रयासों की सराहना की। बी.के. सविता दीदी ने मध्य सत्र में शांतिमय कॉमेन्ट्री द्वारा राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करवाया, जिससे उपस्थित सभी प्रतिभागी आत्मशांति और आंतरिक सुकून का अनुभव कर सके।
समापन सत्र में प्रो. ई.वी. गिरीश जी ने 15 मिनट का गहन मेडिटेशन कराते हुए सभी को सुख, शांति, प्रेम और आनंद की अनुभूति कराई। कार्यक्रम का संचालन बी.के. श्रुति बहन ने सहजता और आत्मीयता के साथ किया, जबकि आभार प्रदर्शन बी.के. सुरेन्द्र भाई द्वारा किया गया।
शिविर का वातावरण प्रेम, शांति और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा, जिसने सभी प्रतिभागियों को जीवन को नये दृष्टिकोण से देखने की प्रेरणा दी।

























