सिक्योरिटी सर्विज विंग, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2025-26 को सिल्वर जुबली वर्ष के रूप में अत्यंत उत्साह, गर्व और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया जा रहा है। यह वर्ष संस्था की 25 वर्षों की गौरवशाली सेवाओं का प्रतीक बनकर एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय पड़ाव के रूप में स्थापित हुआ है।

इस विशेष वर्ष का शुभारंभ 17 अप्रैल 2025 को आयोजित चार दिवसीय एनुअल रेजिडेंशियल प्रोग्राम से हुआ, जिसका उद्घाटन देश के माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन भी अत्यंत गरिमामय रहा, जब मात्र चार दिन पश्चात माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने वैलिडिक्टरी समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। एक ही कार्यक्रम में देश के दो शीर्ष एवं महत्वपूर्ण मंत्रियों की उपस्थिति इस आयोजन को ऐतिहासिक और अद्वितीय बनाती है।

इस अवसर पर सिक्योरिटी सर्विज विंग की 25 वर्षों की सेवाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई। माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने अपने संदेश में कहा कि सुरक्षा बलों के भीतर जाकर तनाव को कम करते हुए आत्मिक शांति एवं मानसिक सुदृढ़ता प्रदान करने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए गए प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने इसके लिए संस्था के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान मेंटल वेल-बीइंग पर एक राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया गया तथा मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस की ईसीएचएस के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए, जिसके अंतर्गत देशभर में डॉक्टरों, स्टाफ एवं वेटरन्स के लिए राजयोग मेडिटेशन एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सिल्वर जुबली वर्ष में सेवाओं को तीव्र गति देने हेतु आठ राष्ट्रव्यापी विशेष अभियान आयोजित किए गए। इनमें चंडीगढ़ से प्रारंभ नॉर्दर्न इंडिया कैंपेन प्रमुख रहा, जिसने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं चंडीगढ़ क्षेत्रों में 110 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 18,000 सुरक्षा कर्मियों तक पहुँच बनाई। नॉर्थ ईस्ट कैंपेन ने असम, अरुणाचल प्रदेश एवं नागालैंड में 2700 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 66 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 6,500 सुरक्षाकर्मियों को लाभान्वित किया।

इसी प्रकार राजस्थान, मुंबई, भोपाल-ग्वालियर, गांधीनगर, चेन्नई एवं गुजरात कैंपेन भी अत्यंत सफल रहे। इन सभी अभियानों के माध्यम से कुल मिलाकर 51,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों तक आत्मिक सशक्तिकरण एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश पहुँचाया गया, जो संस्था की व्यापक पहुँच और समर्पण का सशक्त प्रमाण है।

सिल्वर जुबली वर्ष के दौरान सिक्योरिटी सर्विज विंग टीम ने देश की प्रमुख सुरक्षा संस्थाओं एवं बलों के शीर्ष अधिकारियों से भेंट कर उन्हें संस्था की सेवाओं से अवगत कराया। इनमें गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, चीफ ऑफ आर्मी, नेवल एवं एयर स्टाफ, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, बीआरओ, दिल्ली पुलिस एवं अन्य प्रमुख संगठनों के उच्च अधिकारी सम्मिलित रहे।

14 से 16 नवंबर 2025 को ओम शांति रिट्रीट सेंटर, गुरुग्राम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक संपन्न करने वाले डीजीएनओ वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद सहित 20 संगठनों के लगभग 350 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठित फ्लेम प्रोग्राम के अंतर्गत नव-प्रमोटेड रियर एडमिरल्स हेतु भी विशेष सत्र आयोजित किए गए।

इस वर्ष संस्था ने 150 कार्यक्रमों का लक्ष्य रखा था, किंतु वरिष्ठ दीदी-भाइयों के मार्गदर्शन एवं ईश्वरीय सहयोग से 450 से अधिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए, जो इस सेवा के प्रति समर्पण और उत्साह का स्पष्ट प्रमाण है।

आगामी समय के लिए संस्था का लक्ष्य है कि सभी सुरक्षा बलों में बाप-दादा के प्रत्यक्ष स्वरूप को अनुभव कराया जाए। इसके अंतर्गत नए अभियान, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम्स तथा एनडीआरएफ, सीआईएसएफ एवं एसएसबी जैसे बलों के लिए विशेष प्रोजेक्ट्स प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही, सभी बीके ज़ोन्स के सहयोग से राज्यों में डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के माध्यम से सेल्फ एंपावरमेंट अभियान चलाने की योजना भी बनाई गई है।

अंत में, सभी जोन इंचार्ज, वरिष्ठ भाई-बहनों एवं सम्पूर्ण ब्रह्माकुमारीज़ परिवार से यह आह्वान किया गया कि वे अपनी मंशा, सेवा, स्नेह एवं शुभ भावनाओं के माध्यम से देश की सुरक्षा बलों को आंतरिक रूप से सशक्त बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।























