30 नवम्बर 2025 को ब्रह्माकुमारीज़ शाखा चौगान, सुंदरनगर में ब्रह्माकुमारी नवीना बहन का दिव्य अलौकिक समर्पण समारोह बड़े हर्ष और आध्यात्मिक उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर नवीना बहन को उनके माता-पिता एवं संबंधीगणों की उपस्थिति में शिव परमात्मा के सेवाधारी कार्य हेतु विधिवत समर्पित किया गया, जिसे शिव परमात्मा से आध्यात्मिक विवाह के रूप में भी जाना जाता है। यह एक गहन आध्यात्मिक रस्म है जिसमें कन्या को शिव साजन की सजनी के रूप में ईश्वरीय सेवा के लिए संकल्पित किया जाता है।
इस अलौकिक कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय माउंट आबू से ब्रह्माकुमारी कविता दीदी एवं ब्रह्मा कुमार खगेंद्र भाई, पंजाब ज़ोन से ब्रह्माकुमारी लीला दीदी, ओ.आर.सी. दिल्ली से ब्रह्मा कुमार रूपलाल एवं ब्रह्मा कुमार विजय भाई, जोगिंदरनगर सेंटर से आदरणीय राजयोगिनी सावित्री दीदी, सरकाघाट सेवाकेंद्र से आदरणीय राजयोगिनी निर्मला दीदी, कुल्लू से ब्रह्मा निमो दीदी, मंडी सर्कल संयोजक ब्रह्मा कुमार नरेंद्र भाई, मंडी सर्कल प्रभारी शीला दीदी तथा सुंदरनगर शाखा इंचार्ज ब्रह्माकुमारी शिखा दीदी की विशेष उपस्थिति रही।
इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के जनरल मैनेजर श्री संजीव बोला तथा शिमला से सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर श्री राजीव वर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
सभी वरिष्ठ बहनों-भाइयों एवं विशेष अतिथियों ने नवीना बहन को शुभकामनाएँ देते हुए उनके दिव्य, पवित्र और सफल सेवाधारी जीवन की हृदय से कामना की।
कार्यक्रम में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें स्वागत नृत्य, कव्वाली, पंजाबी गिद्धा और एक प्रेरणादायक नाटक शामिल थे।
इस कार्यक्रम में लगभग 1000 लोगों ने भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को ईश्वरीय सौगात एवं ब्रह्मा भोजन का वितरण किया गया।




























