23 फरवरी 2026 को सूरत में रन फॉर स्मार्ट गर्ल स्मार्ट इंडिया शॉर्ट मैराथन का सफल आयोजन संपन्न हुआ। समाज में बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प को साकार रूप देते हुए भारतीय जैन संगठना (बीजेएस) द्वारा आयोजित इस विशेष पहल ने जन-जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
प्रातः कालीन ताजगी और उत्साह से भरे वातावरण में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और यह संदेश दिया कि शिक्षित एवं सशक्त बेटियां ही राष्ट्र की सच्ची शक्ति हैं। भगवान महावीर कॉलेज परिसर से प्रारंभ हुई इस मैराथन में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में माउंट आबू से ग्लोबल पीस एंबेसडर बी के डॉ. बिनी एवं बी के जय क्रांति की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने प्रेरक विचारों के माध्यम से बताया कि बेटियों को शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास से सशक्त बनाना ही सशक्त समाज की नींव है।
भारतीय जैन संगठना के अध्यक्ष अजय अजमेरा एवं उनकी टीम के निर्देशन में आयोजित इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य किशोरियों की शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे समाज में बेटियों की उन्नति, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
यह आयोजन केवल एक खेल गतिविधि नहीं रहा, बल्कि नारी सशक्तिकरण और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी अभियान बनकर उभरा।





























