भगवान की प्रतिज्ञा है,
भगवान का यह वचन है।
तू एक कदम बढ़ाकर तो देख,
मैं सौ कदम न बढ़ाऊँ तो कहना॥
मेरे मार्ग पर कदम रखकर तो देख,
तेरे सब मार्ग न खोल दूँ तो कहना।
मेरे लिए खर्च करके तो देख,
कुबेर के भंडार न खोल दूँ तो कहना।
मेरे लिए कड़वे वचन सुनकर तो देख,
कृपा की वर्षा न कर दूँ तो कहना॥
भगवान की प्रतिज्ञा है,
भगवान का यह वचन है।
मेरी ओर बढ़कर तो देख,
तेरा ध्यान न रखूँ तो कहना।
मेरी बातें औरों से करके तो देख,
तुझे मूल्यवान न बना दूँ तो कहना।
मेरे चरित्र का मनन करके तो देख,
ज्ञान के मोती तुझमें न भर दूँ तो कहना॥
भगवान की प्रतिज्ञा है,
भगवान का यह वचन है।
मुझे अपना मददगार बनाकर तो देख,
तुझे हर बंधन से मुक्त न कर दूँ तो कहना।
मेरे लिए आँसू बहाकर तो देख,
तेरे जीवन में आनंद-सागर न बहा दूँ तो कहना।
मेरे लिए कुछ बनकर तो देख,
तुझे कीर्तिवान न बना दूँ तो कहना॥
भगवान की प्रतिज्ञा है,
भगवान का यह वचन है।
मेरे मार्ग पर चलकर तो देख,
तुझे शांतिदूत न बना दूँ तो कहना।
स्वयं को न्योछावर करके तो देख,
तुझे अनमोल हीरा न बना दूँ तो कहना।
मेरा गुणगान करके तो देख,
जगत का विस्मरण न करा दूँ तो कहना।
तू मेरा बनकर तो देख,
हर दिल का तुझे प्यारा न बना दूँ तो कहना॥
भगवान की प्रतिज्ञा है,
भगवान का यह वचन है।
तू मेरा बनकर तो देख ज़रा,
तुझे अपना न बना लूँ तो कहना॥
तू एक कदम बढ़ाकर तो देख,
मैं सौ कदम न बढ़ाऊँ तो कहना॥





