दीपावली केवल बाहरी दीप जलाने और उत्सव मनाने का त्योहार नहीं, बल्कि अपने अंदर की आत्मिक ज्योति जगाने और जीवन में सच्ची खुशहाली लाने का अवसर है। परिस्थितियाँ कैसी भी हों, यदि हम अपनी स्वस्थिति में स्थित रहें, तो हमारी खुशी कभी कम नहीं हो सकती। दीपावली बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य, अहंकार पर नम्रता और आसुरी वृत्तियों पर दिव्यता की विजय का प्रतीक है। आज हमारे मन में भय, अशांति, अशुद्धता और विकारों का जो अंधकार है, उसे मिटाकर सत्य और शांति से भरपूर जीवन बनाना ही सच्ची दीपावली है।
परमपिता परमात्मा ज्ञान के सूर्य और सबसे बड़े चैतन्य दीपक हैं। उनसे अपना आत्मदीप जगाकर हम जीवन में ज्ञान, पवित्रता और दिव्य गुणों का प्रकाश भर सकते हैं। सच्ची मिठास भी बाहरी मिठाइयों में नहीं, बल्कि प्रेम, स्नेह और मधुरता में है। आइए, अपने हृदय को स्वच्छ और बुद्धि को दिव्य बनाकर ऐसी मिठास बाँटें, जिसकी कोई एक्सपायरी डेट न हो।
दीपावली के पाँच दिनों से लेकर पूरे सप्ताह का आध्यात्मिक संदेश यही है कि हमारा दीपक सदा जलता रहे। उसमें शुभभावना और शुभकामना के तेल से प्रेम और खुशी की ज्योति को निरंतर प्रज्वलित रखें। स्वयं सदा जागती ज्योत बनें और दूसरों के जीवन में भी प्रकाश फैलाएँ।
इस दीपावली पुराने संस्कारों को बदलकर श्रेष्ठ संस्कार अपनाएँ, आत्मदीप जगाएँ और स्वराज्य का तिलक लगाएँ। यही सच्ची दीपावली है।
ओम शांति।


