

बाबा कहते हैं — बच्चों को कितना नशा होना चाहिए! वे लोग गॉडफादर कहते हैं, और आप गॉडफादर के सामने बैठे हो। विचार करना चाहिए — हमें कौन पढ़ाता है और हमें क्या बनाना चाहता है। बाबा अभी इतने प्यार से पढ़ा रहे हैं, पालना कर रहे हैं। लेकिन अगर हमने पुरुषार्थ नहीं किया, तो अंत में बाबा धर्मराज के रूप में सज़ा देंगे। जो बाबा को हर कर्म के लिए सामने रखते हैं, उनके संस्कार बाबा जैसे बन जाते हैं। संकल्प करने के लिए भी बाबा को सामने रखें। वाणी में आने से पहले भी बाबा को याद करें। बाबा और मम्मा से मिलन करना बहुत अच्छा है। मैं झाड़ (कल्प वृक्ष) के नीचे बैठ तपस्या करने वाली आत्मा हूँ। फाउंडेशन के आधार से ही झाड़ खड़ा है। बाबा चाहते हैं कि मेरे बच्चे लायक बनें — स्थिति में निरहंकारी, निष्काम सेवाधारी, विश्व-कल्याणी, और योग में सहज योगी बनें। जो ज्ञानयुक्त हैं, वही योगयुक्त रह सकते हैं। योगयुक्त आत्मा राज़युक्त होगी, और राज़युक्त वह है जो हर राज़ की समझ से चलता है — वही युक्तियुक्त बनते है। व्यर्थ को समाप्त करने के लिए स्वदर्शन चक्र फिराओ। स्वदर्शन चक्र फिराने से आत्मा स्वयं को भी देखती है — मैं अभी कहाँ हूँ, और मुझे कहाँ जाना है — और बाबा को भी देखती है।