आप सभी इस समय वरदानी भूमि मधुबन में आए हैं। बापदादा के कोने-कोने में वरदान समाए हुए हैं और ब्राह्मण परिवार की शुभ भावना-शुभकामनाएँ आत्मा में बल भरती हैं। यहाँ हर सेकंड, हर कर्म में स्वयं को वरदानों से भरपूर कर सकते हैं।
यहाँ लौकिक जिम्मेदारियों से मुक्त होकर बेफिक्र बादशाह की स्थिति का अनुभव करें। यहाँ से वरदान लेकर जाएँगे तो वहाँ सभी को उसका लाभ मिलेगा।
बाबा मुरली में जो टाइटल देते हैं, वही हमारा स्वमान है। बाबा हमें “मीठे-मीठे बच्चे”, “लाडले-सिकीलधे बच्चे” कहते हैं। जब भगवान रोज़ वरदान देते हैं, तो स्वयं को कमजोर क्यों समझें?
मैं ब्राह्मण आत्मा हूँ अर्थात् विजयी आत्मा हूँ। रोज़ मुरली का एक टाइटल भी स्वमान में रखेंगे तो हमारी नेचर बदल जाएगी। ज्ञान को याद रखने की सहज विधि है—“बिंदु।” मैं आत्मा बिंदु, बाबा बिंदु। कोई समस्या आए तो बिंदु लगाओ। ‘क्यों, क्या, कैसे’ जैसे शब्दों को समस्या के समय अपनी डिक्शनरी से निकाल दो। जो बिंदु रूप में स्थित होगा, वह सेवा के बिना रह नहीं सकता।
हम भगवान के बच्चे हैं, इसलिए थोड़े में राज़ी होने वाले नहीं। बच्चे बाप की पूरी जायदाद के अधिकारी होते हैं।
हम गृहस्थ नहीं, ट्रस्टी हैं। “मेरा नहीं, तेरा है”—यह स्मृति हमें बेफिक्र बादशाह बनाती है। भगवान कह रहे हैं—“सारे बोझ मुझे दे दो।”
संशय बुद्धि विजयी नहीं हो सकता। अपने निश्चय को मजबूत रखो, क्योंकि सफलता हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है।
मरजीवा जन्म का अर्थ है—नया ब्राह्मण जीवन। पुराने कमजोर संस्कारों को साथ नहीं रखना है। संगमयुग का एक-एक सेकंड बहुत मूल्यवान है। यह न सोचें कि “अंत में कर लेंगे”; अभी से पुरुषार्थ करना है।
अपनी कमजोरी पहचानकर उसे समाप्त करो और अपनी विशेषता को सेवा में लगाओ। जितनी विशेषता सेवा में आएगी, उतनी बढ़ती जाएगी।
अभिमान हमें बाबा के तख्त से उतार देता है। इसलिए स्वमान में रहो, अलबेलेपन की नींद में मत सोओ। रोज़ अमृतवेले से स्वमान की स्मृति रखो और ब्राह्मण जीवन का महत्व समझो।


