
ऑनेस्ट वह है जो श्रीमत में कभी अपनी मत एड नहीं करता, कामचलाऊ काम नहीं करता
'ईश्वर को याद करो तो बल मिलता है और सेवा करो तो । फल मिलता है। जो लोभ मोह वश कर्म होते हैं वो कर्मबन्धन बन जाते हैं, उसको फिर काटना पड़ेगा तभी पुराने विकर्म विनाश होंगे - यह बड़ी गहरी बात है। पहले तो माँ-बाप का बन्धन, लोकलाज का बन्धन यह सब भी कर्मबन्धन ही कहेंगे। लेकिन अब किसी तरह से भी मेरे कर्मों में कोई बन्धन न हो, नहीं तो योग से, समझ से काटना पड़ेगा क्योंकि अब अन्तिम जन्म है। तो आत्मा इन सब चक्र से एकदम फ्री, पवित्र हो जाये। हमारा कोई कर्मबन्धन न हो, कोई देह-अभिमान न हो, कोई लोभ-लालच न हो तो बाबा बहुत सुख देता है। ऐसे सुख लेने के लिए जरा भी अपने पुराने कर्मबन्धन या अपनी पुरानी नेचर के वश हो करके इस सुख से वंचित न हो जाओ। अब अपने से पूछो कि इस घड़ी जो मेरा पुरुषार्थ है, उस हिसाब से क्या प्रालब्ध होगी? बाबा मम्मा पुरुषार्थ करके लक्ष्मी-नारायण वैकुण्ठवासी बने। तो इन्हों ने ऐसा क्या पुरुषार्थ किया जो इतना ऊंचा पद पाया!
हम अपने संस्कार के वश होंगे, अपने स्वभाव के वश होंगे तो बाबा बंधायमान नहीं है। ईश्वरीय परिवार में भी एक दो को स्नेह, सहयोग देना लेना, यह परिवार का काम है। परन्तु कोई अपने ही मत वाला होगा तो उसको बाबा क्या कर सकता है? परिवार भी क्या कर सकता है? तो कभी अपने मत वाले नहीं बनना। कोई बिना पूछे कहे कि मेरा यह विचार है, ऐसा कभी नहीं कहना क्योंकि मेरा विचार कहा माना फेल। ईश्वरीय परिवार में हो तो ईश्वर की श्रीमत पर चलो, तो जीवन में बहुत सुखदाई रहेंगे। तो अभी सबमें ऐसा परिवर्तन आ जाए जो बाबा के बोल हैं कि परिवर्तन, परिवर्तन, परिवर्तन वो साकार हो जाये। तो परिवर्तन के इस संकल्प को दृढ़ रखना।
सच्चाई क्या होती है वो चेक करो। सच्चा बाप है सच्ची नॉलेज है, तो मेरी धारणा में सच्चाई की शक्ति कहाँ तक आई है? क्योंकि सच्चाई ने ही मेरे को बाबा के नज़दीक रखा है, सच्चाई ने ही परिवार के नज़दीक लाया है। तो खुद से ऑनेस्ट और बाबा से ऑनेस्ट । कोई कहे कि इसमें क्या है, इसमें क्या है... औरों को देखके कामचलाऊ काम किया... तो यह डिस-ऑनेस्टी है। भगवान के घर में इस प्रकार की डिस-ऑनेस्टी मंजूर नहीं है। तो कोई यह नहीं कहे कि ये ऑनेस्ट नहीं है। इस अंगुली से किसी को भी देखा तो अपने को भूले। इसलिए इस अंगुली को अन्दर लेके जाओ, ऊपर लेके जाओ तो और मेरे को ऑटोमेटिक देखेंगे। अन्दर से मैं ऑनेस्ट हूँ तो ऊपर वाला सामने आकर वो आपेही ऊपर ले जाता है, तो यह वन्डर है कि ऊपर जाने की भी मेहनत से छूट जाते हैं। जब ऊपर जाते हैं तो यह दुनिया भूल जाते हैं।
हमेशा बाबा के साथ रहो तो और कुछ दिखाई नहीं देगा। नहीं तो आज आप किसी को भी कहेंगे कि आप ऐसे नहीं करो तो वो फट से कहेंगे कि तुम क्या करती हो? तो बन्धन है ऐसा। ब्रह्माकुमार ब्रह्माकुमारी बनना मासी का घर नहीं है। दीवा बुझाने वाली, निर्बल से लड़ाई करने वाली माया मासी पीछे है ही है। परन्तु फिर भी जीत किसकी है? अन्तर्मुखता से, सच्चाई से एक बाबा को अपना बनाने से, पुरुषार्थ करते रहने से... सफलता छिमछिम करके आयेगी और आपकी दासी हो करके रहेगी। सिर्फ आप स्वयं को सच्चा बनाके सच्चाई से रहो, सेवा प्यार से करो तो सफलता कहाँ जायेगी? अगर कोई झूठी सफलता को पाके खुश होता है, तो वो अपने को बहुत ठगता है। सेवा से सफलता मिली, मान-शान मिला, अच्छा भाषण हुआ, यह हुआ वो हुआ, पर अन्दर से पोलमपोल है, खाली है। तो बाबा को फ्री हैण्ड, लाईट हैण्ड, राईट हैण्ड और पॉवरफुल हैण्ड चाहिए।
तो निष्कामी, कोई कामना नहीं तो ऐसे बच्चों को बाबा कितना प्यार करता है। तो जिसको बाबा से प्यार लेना हो तो अपने आपको बाबा के बोल को सामने रख करके चेक करें उसी अनुसार मैं बाबा के सामने हाज़िर रहूँ।
अच्छा - ओम् शान्ति ।
More from Dadi Janki Ji
Other pearls from this senior



