
त्रिकालदर्शी और साक्षीपन की सीट पर रहकर पार्ट बजाओ तो कोई भी दृश्य में घबरायेंगे नहीं
हम सभी के दिल में एक ही संकल्प है कि हम सभी बाबा के समान बनें। इतने समय से हम पुरुषार्थ कर रहे हैं या बाबा के बनकर चल रहे हैं तो इसी एक संकल्प के आधार से उमंग है, उत्साह है। बस हमें बाबा के समान बनना है क्योंकि बाबा से हम सबका दिल का प्यार है। बाबा ने भी कुछ समय पहले कहा था कि प्यार की सबजेक्ट में सब मैजारिटी पास हैं क्योंकि बाबा से, बाबा की नॉलेज से, परिवार से प्यार नहीं होता तो ब्राह्मण बनते ही क्यों; दुनिया तो बहुत आकर्षण वाली पड़ी है। दिनप्रतिदिन माया का का प्रभाव तो बढ़ता ही जा रहा है। बाबा ने भी सर्टीफिकेट दिया है कि प्यार में सब पास हो, बाकी नम्बर है अपनी धारणा पर। वैसे ज्ञान भी एक धारणा है, ज्ञान का अर्थ ही है समझ । समझ हमारे में आ जाती है कि क्या करना है क्या नहीं करना है। अगर गलतियां होती हैं तो इसी बात पर होती हैं कि जो करना होता है उसके बजाए दूसरा कुछ कर लेते हैं। इसका मतलब है समय पर हमारी ज्ञान की धारणा ने जो राइट को रांग समझ लिया या रांग को राइट समझ लिया। पहली-पहली सब्जेक्ट है ज्ञान माना समझ कर चलना। उसमें आत्मा परमात्मा की समझ, अपने घर की समझ, ड्रामा की समझ ये तो आती है लेकिन समय पर समझ काम करे। बाबा हमेशा कहता था कि पुरुषार्थ आप सब करते हो, बाबा ने शक्तियां आप सबको एक जैसी दी हैं परन्तु फिर भी मालायें तीन क्यों बनी हैं। सिर्फ कारण ये है कि समय पर यूज़ करना नहीं आता है। वैसे दिमाग में रहता है। अगर आपको कोई कहे आप सहनशीलता पर भाषण करो तो सब कर सकते हैं, उसको धारण करने से नुकसान फायदा क्या है, सभी बता सकते हैं। लेकिन जिस समय कोई परिस्थिति आती है उस समय हम सहनशीलता का गुण यूज़ करें, फर्क इसमें पड़ जाता है। हम जब भाषण करने जाते थे तो बाबा हम लोगों को कहते थे कि बच्ची जा रही हो, ये-ये जरूर बोलना। फिर जब भाषण करके आते थे तो बाबा पूछता था कि ये ये प्वाइन्ट बोली। तो कुछ प्वाइन्ट मिस तो हो जाती है। फिर हम कहते थे कि बाबा बाद में याद आई थी, तो बाबा कहता था कि समय पर तो याद नहीं आई ना। बाबा हमको सिखाता था कि समय पर याद इसलिए नहीं आती है क्योंकि मनन नहीं करते हो। मनन करके अगर जाओ तो कभी भी कोई भी प्वाइन्ट मिस न हो जो पीछे याद आये।
ऐसे ही जो हमारी धारणायें हैं, सहनशक्ति, सामना करने की शक्ति, निर्णय करने की शक्ति जरूरी है, क्योंकि पहले निर्णय करना होता है कि ये होना चाहिए या नहीं होना चाहिए। मैंने देखा है कि संगठन में और सम्बन्ध-सम्पर्क में सहनशक्ति और निर्णय शक्ति बहुत जरूरी होती है। कोई मुझे कुछ कहा रहा है तो मैं उसके मतलब को समझ जाऊं कि ये क्यों बोल रहा है। बाबा ने बताया है कि हम दूसरों को दोष ज्यादा देते हैं, अपनी गलती बहुत मुश्किल से मानते हैं। दूसरे को कहते हैं कि इसने ये कहा, ऐसा किया इसलिए ऐसा हो गया। तो बाबा ने बताया है कि ये वैरायटी झाड़ है, हमारी नॉलेज एक है, परिवार एक है, लक्ष्य एक है लेकिन बाबा के बच्चों में वैरायटी तो है ना। तो कभी भी कोई बात हमारे सामने आती है तो हम क्यूँ क्या में जाने की कोशिश करते हैं। बाबा कहते हैं कि भिन्न-भिन्न संस्कार सभी के हैं और अन्त तक रहने वाले हैं। हम सोचते हैं कि अभी सबके संस्कार फरिश्ते जैसे हो जाए। लेकिन हो तो नहीं गये हैं, हो रहे हैं। हरेक के संस्कार-नेचर को अगर हम समझ जायें तो हम अपना टाइम वेस्ट नहीं करेंगे। हम कोशिश करते हैं कि इसको मैं समझाऊं कि ये रांग बोल रहे हो, ये गलत कर रहे हो। ये बदले तो मैं बदलूं - ये कोशिश करते, लेकिन न वो बदलता है न हम बदलते हैं।
जब बापदादा की इतनी मुरलियां चल रही हैं वो क्या कोई कम पावरफुल हैं! इतने वर्षों से बाबा ने मुरलियों में क्या नहीं कहा है। अभी उसका प्रभाव उस आत्मा पर नहीं पड़ा और हम कोशिश कर रहे हैं कि यह आत्मा बदले। लेकिन जब तक कोई बात उसके मन में फील नहीं होती है कि ये ठीक नहीं है तो कैसे बदलेगा। जिस घड़ी टच हो जाता है मन में आ जाता है कि ये ठीक नहीं है तो फिर सेकण्ड लगता है। तो जिसके साथ हम रहते हैं उसके संस्कारों को समझना चाहिए और समझकर हमको अपने आपको किनारा करना पड़ेगा। वो तो पत्थर है, समझो रास्ते में कोई पत्थर आ गया है तो पत्थर तो हटेगा नहीं, हमको ही हटना पड़ेगा। उसको बदलने की कोशिश नहीं करो, अपने को किनारा करने की कोशिश करो। मैं उससे बच के निकलूँ। अगर ऐसे ही देखेंगे कि संगठन में आज ये हुआ, तो फिर तो इसी उधेड़-बुन में लगे रहेंगे। अपने को सम्पूर्ण कब करेंगे।
आजकल समय ऐसा है कि कोई शिक्षा सुनने के लिए तैयार नहीं है। आपकी शिक्षा से कोई बदले मुश्किल है क्योंकि संस्कार के वश है। बाबा कहते उसके प्रति शुभ भावना रखो। जब हम समझेंगे कि ये संस्कार के वश है तभी तो रहम आयेगा। अगर हम ये नहीं समझेंगे कि ये माया या विघ्न के परवश है तो हमको रहमदिल बनना बहुत मुश्किल है। चलो वो तो संस्कार के वश हुआ पर हमारे संकल्प | कितने वेस्ट हुए, हमारा टाइम कितना वेस्ट हुआ। ये व्यर्थ संकल्प हमारा कितना टाइम, एनर्जी वेस्ट करते हैं। योग नहीं लगता है, योग के टाइम ही व्यर्थ संकल्प अटैक करते हैं क्योंकि हम मन लगाना चाहते हैं बाबा से और मन में हमारे पहले से कुछ भरा है। बाबा तो है बिल्कुल प्योर पावरफुल आइना। तो पावरफुल आइने के सामने जब हम जाते हैं, योग द्वारा नजदीक जाते हैं तो जो हमारे छोटे-छोटे दाग हैं वो बिल्कुल स्पष्ट हो जाते हैं। इसलिए हमारा जो योग लगना चाहिए, वो वेस्ट हो जाता है। तो वर्तमान समय का हमारा पुरुषार्थ होना चाहिए - स्व परिवर्तन। स्व के ऊपर अटेन्शन। जो बाबा शुरू में हमको कहता था कि अपनी घोट तो नशा चढ़े।
अभी समय अनुसार बाबा ने ये भी राज़ सुनाया कि शुरू में हमारा अच्छा पुरुषार्थ था। अभी माया का वार होता रहता है। संस्कारों की भी टक्कर चलती है, पुराने-पुराने भी गलतियां कर रहे हैं, इसका कारण है कि पहले जब आप आये तो छोटे बच्चे थे। छोटे बच्चे को माँ-बाप सदा अंगुली पकड़ कर चलता है। लेकिन अगर सदा अंगुली पकड़ कर चले तो उसकी टांगे काम करना बन्द कर देंगी। तो पहले बाबा हमको एक्स्ट्रा मदद दे कर चलाता था, अभी अनुभवी हो गये तो बाबा कहेगा ना कि आखिर अपने पांव पर चलना है कि नहीं। दूसरी बात कई कहते हैं कि फलाना पहले बहुत अच्छा था, अभी पता नहीं क्या हो गया है। लेकिन अभी लास्ट समय आ रहा है, तो जैसे वैद्य कहते हैं कि लास्ट समय में जब बीमारी जाने वाली होती है तो बाहर निकलती है, उसमें डर जाते हैं। तो ऐसे ही बाबा ने कहा कि अभी समय समीप है, इसलिए जो 63 जन्म के रहे हुए हिसाब-किताब, पुराने संस्कार हैं ये सब निकल कर यहीं पूरे होने हैं। तो बाबा ने ये राज़ समझा दिया है कि ये तो सब होना है लेकिन आपको क्या करना है, आपको अपने त्रिकालदर्शी, साक्षीपन की सीट से उतरना नहीं है।
साक्षीपन की सीट पर अगर खेल नहीं देखेंगे तो घबरायेंगे, क्यूँ, क्या, कैसे आता रहेगा। इसलिए हमको क्या करना है, मेरे लिए बाबा ने क्या कहा है – ये देखना है, इसमें नुकसान किसको होता है। चलो वो तो रांग है पर क्या मैं राइट हूँ! मैंने उस पर व्यर्थ संकल्प चलाये, ये राइट है? ड्रामा में था तभी तो हो रहा है, ड्रामा को आप बदल सकते हो क्या, कोई भी रीति से अगर संकल्प व्यर्थ चलते हैं तो वो रांग है, तो मैं भी तो रांग हुई।
यही बाबा कहते हैं कि स्वयं के महत्व और समय के महत्व को समझो। बड़े ते बड़ी बात है कि संगम का अमूल्य समय जा रहा है क्योंकि सारे कल्प में हमको पुरुषार्थ करने की मार्जिन नहीं है। जो अभी संगम पर पुरुषार्थ किया है अच्छा या मध्यम, उस आधार पर ही प्रालब्ध बनेगी। फिर कमाना नहीं है केवल खाना है या पूज्य बनेंगे या राजा-रानी बनेंगे पर कमाई करने का समय अभी है। ये स्लोगन हमेशा याद रखो कि अब नहीं तो कब नहीं। अगर एक मिनट भी व्यर्थ किया और उसी समय अन्त समय आ गया तो हमारा सारा पुरुषार्थ वेस्ट गया ना। इसलिए समझो कि हर घड़ी हमारी अन्तिम घड़ी है। भक्ति में ये नियम है कि अन्त हमेशा अच्छी होनी चाहिए। मम्मा हमेशा कहती थी हर घड़ी अपनी अन्तिम घड़ी समझो। अगर हम ऐसा समझेंगे तो नष्टोमोहा स्मृति स्वरूप हो जायेंगे। फिर इन झंझटों में जायेंगे क्या! हम कहेंगे कि हमको तो अभी जाना है। अभी समय है घर वापस जाने का। यह हमको पता है फिर भी बाबा बार-बार याद कराता है, क्यों याद कराता है? क्योंकि बाबा का प्यार है। ये बाबा के प्यार की निशानी है कि कोई बच्चा विस्मृति में आ जाये तो उसको याद कराये कि यह समय घर जाने का आ गया है। अभी घर लौटना है और ये कुछ भी साथ नहीं चलने वाला है, तो सोचेंगे क्या ले जायें, क्या नहीं ले जायें, वो तो सब छूटना है। चलना है तो खाली हाथ ही चलना है।
अभी हमारा लक्ष्य या सम्बन्ध-सम्पर्क में चलते हुए हमारी वृत्ति एक दो को सहयोग दे आगे बढ़ाने की होनी चाहिए। हम उनकी कमियों को नहीं देखें। कमी को तो हरेक छोड़ता ही है। उसको भी समझ है कि कमी छोड़नी है, जो कमी वो छोड़ रहा है उसको हम क्यों लेते हैं। अगर कोई दिलशिकस्त हो तो उसका हाथ पकड़कर एक-दो को सहयोग देना है। खुद भी आगे बढ़ें और उसको भी आगे बढ़ायें। संगठन का फायदा है, माया आजकल बहुत करके संग के रंग की बहुत आती है। एक-दो को देखते हैं ना कि ये भी ऐसे चलते हैं, ये भी ऐसे करते हैं, ऐसे तो होता ही है। कमजोर संग का रंग बहुत जल्दी लगता है। अच्छे बाबा के संग का रंग क्यों नहीं लगता ! हम कहते हैं फालो फादर। साकार में कर्म तो ब्रह्मा बाबा ने किया। बाबा ने कभी ये नहीं सोचा कि ये बच्चा ऐसा करता है। लेकिन बाबा का त्याग, तपस्या नम्बरवन थी। बाबा ने लास्ट तक कभी कोई एकस्ट्रा चीज़ स्वीकार नहीं की। अपने प्रति कोई साधन यूज़ नहीं किया। जैसे शुरू से रहता था वैसे ही अन्त तक रहा। तो फालो फादर । अभी साधन बहुत बढ़ गये हैं। साधन के कारण कहाँ न कहाँ हमारी साधना कम हो जाती है। समय अनुसार साधन यूज़ करने भी पड़ते हैं परन्तु हमारी साधना कम न हो। साधन को यूज ऐसे करें, जैसे बाबा के प्यारे साधनों से न्यारे। हमारी बुद्धि अगर साधनों में गई तो जरूर साधना में कमी पड़ जायेगी। अन्त तक बाबा ने साधना की। 9 बजे क्लास भी कराया, अपनी दिनचर्या कितनी एक्यूरेट रखी। ये भी नम्बर आगे लेने में विशेषता रही, तब तो नम्बरवन हुआ ना।
अपने आपका मास्टर, अपना चेकर आप ही बनना है। अपने को देखो, अपने को बाबा की याद में मस्त रखो। बस स्व परिवर्तन और स्वमान ये दो शब्द हमको हमेशा याद रखना चाहिए। ऐसे नहीं कि मैं तो बुद्धिवान हूँ, ये कर सकता हूँ, यह भी देह-अभिमान है। रुहानी स्वमान और स्व-परिवर्तन ये हमारा लक्ष्य होना चाहिए। अच्छा ओम शानि।
More from Dadi Gulzar Ji
Other pearls from this senior


