तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बीटेक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता एवं मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक शांति, आत्म-जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के मुख्यालय से बी.के. शांता कृष्ण भाई ने विद्यार्थियों को मेडिटेशन, डिप्रेशन, सेल्फ रियलाइजेशन एवं गॉड रियलाइजेशन जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जीवन में स्वास्थ्य, संपदा और खुशी चाहता है, लेकिन वास्तविक सुख एवं संतुलन के लिए आत्मिक जागरूकता आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी आंतरिक शक्तियों को पहचानने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए मेडिटेशन को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बी.के. गोवर्धन ने डिप्रेशन से निपटने से जुड़े अपने जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण एवं आत्म-जागरूकता के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं बी.के. लावण्या ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रतिज्ञा कराई। उन्होंने युवाओं को अपने स्वास्थ्य, विचारों एवं आदतों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सहभागियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ आत्मिक जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मिली।





















