Search for a command to run...
23 Nov 1972
“शक्तिदल की विशेषतायें”
23 November 1972 · हिंदी
(मधुबन निवासियों के सम्मुख बापदादा के उच्चारे हुए महावाक्य)
मधुबन निवासी शक्ति सेना अपने को सदा शक्ति रूप में अनुभव करते हुए चलते हो? गायन ही है शक्ति दल। शक्ति दल के कारण ही बाप का नाम भी सर्वशक्तिमान् है। तो यह है सर्वशक्तिमान् का शक्ति दल। शक्ति दल की विशेषता है सदा और सर्व समस्याओं को ऐसे पार करे जैसे कोई सीधा रास्ता सहज ही पार कर लेते हैं। सोचेंगे नहीं, ठहरेंगे नहीं। इसी प्रकार शक्ति दल की विशेषता यही है जो समस्याएं उनके लिये चढ़ती कला का सहज साधन अनुभव होगा। समस्या साधन के रूप में परिवर्तन हो जाये, तो साधन अपनाने में मुश्किल नहीं लगता है क्योंकि मालूम होता है कि यह साधन ही सिद्धि का आधार है। शक्ति दल को सदैव हर समस्या जानी पहचानी हुई अनुभव होगी। वह कभी भी आश्चर्यवत् नहीं होंगे। आश्चर्यवत् के बजाय सदा सन्तुष्ट रहेंगे। कोई सहज साधन हो वा जो भी सम्बन्ध में बातें आती हैं वह अपने अनुकूल हो इस कारण सन्तुष्ट रहे तो इसको कोई सन्तुष्टता नहीं कहेंगे। जो अपने सम्बन्ध में वा अपनी स्थिति के प्रमाण अनुकूल न भी महसूस हो तो भी उसमें सन्तुष्ट रहें, ऐसी स्थिति होनी चाहिए। शक्ति दल के मुख से कभी ‘कारण' शब्द नहीं निकलेगा। इस कारण से यह हुआ! ‘कारण' शब्द निवारण में परिवर्तित हो जायेगा। यह तो अज्ञानी भी कहते हैं कि इस कारण से यह हुआ। आपकी यह स्टेज नहीं होनी चाहिए। सामने कोई कारण आये भी तो उसी घड़ी उसको निवारण के रूप में परिवर्तन करना है। फिर यह भाषा ख़त्म हो जायेगी, समय गंवाना ख़त्म हो जायेगा। 10-20 मिनट लगें वा 2 मिनट लगें, समय तो गया ना। उसी समय फौरन त्रिकालदर्शी बन कल्प-कल्प इस कारण का निवारण किया था, यह स्पष्ट स्मृति में आने से कारण को निवारण में बदली कर देंगे। सोचेंगे नहीं कि यह करना चाहिए वा नहीं? यह ठीक होगा वा नहीं? यह कैसे होगा? ऐसी भाषा ख़त्म हो जायेगी। जैसे मकान बनता है तो पहले छत डालने का आधार बनाते हैं। तो पहले वह समय था। अभी तो निराधार होना है। पहले यह बातें सुनने के लिये समय देते थे, पूछते थे कोई समस्या तो नहीं है, कोई सम्पर्क वाले विघ्न तो नहीं डालते। अब यह पूछने की आवश्यकता नहीं। अब अनुभवी हो चुके हो। तो ऐसी स्टेज तक पहुँचे हो वा अभी तक यह बातें करते हो कि यह हुआ, फिर यह हुआ? इन बातों को कहते हैं रामायण की कथाएं-यह हुआ, फलानी ने यह बोला। रामायण की कथाओं में टाइम तो नहीं गंवाते हो? अभी तक भी कथा वाचक हो? रामायण की कथा भी कोई एक हफ्ते में, कोई 10 दिन में पूरी करता है। ऐसी कथाएं तो नहीं करते हो? आपस में एक-दो से मिलते भी हो तो याद की यात्रा की युक्तियां वा दिन-प्रतिदिन की जो गुह्य-गुह्य बातें सुनते जाते हो उनकी लेन-देन करो। अब ऐसी स्टेज हो जानी चाहिए, जैसे भक्ति मार्ग को दुर्गति मार्ग छोड़ दिया ना। अगर भक्ति मार्ग की कोई भी रीति रस्म अब तक भी हो तो आश्चर्य लगेगा ना। वैसे ही यह बातें करना वा इन बातों में समय गंवाना, इसको भी ऐसे समझना चाहिए जैसे यह भक्ति मार्ग दुर्गति मार्ग की रीति रस्म है। जब ऐसा अनुभव होगा तब समझो परिवर्तन। जैसे अनुभव करते हो ना, भक्ति मार्ग जैसे पिछले जन्म की बात है। इस जन्म में कब घंटी बजायेंगे वा माला सुमिरण करेंगे? पास्ट लाइफ पर हंसी आयेगी। वैसे यह भी क्या है? अगर समझो, किसी के अवगुण वा ऐसी चलन का सुमिरण करते हो तो यह भी भक्ति हुई ना? जैसे बाप के गुणगान करना, सुमिरण करना वह माला हुई, अगर किसी के अवगुण वा ऐसी देखी हुई बातों का सुमिरण करते हो तो वह भी जैसे भक्ति मार्ग की माला फेरते हो। मन में संकल्प करना, यह भी जाप हुआ ना। जैसे वह अजपाजप करते रहते हैं, वैसे संकल्प चलते रहते हैं, बन्द नहीं होते। तो यह भी जाप हुआ। एक-दो को सुनाते हो, यह घंटियां बजाते हो-फलाने ने यह किया, यह किया। तो यह है दुर्गति की रस्म।
मधुबन निवासी तो ज्ञान स्वरूप हैं ना। कोई भी दुर्गति की रीति रस्म चाहे स्थूल, चाहे सूक्ष्म है, उनसे वैराग्य आना चाहिए। जैसे भक्ति के स्थूल साधनों से वैराग्य आ गया नॉलेज के आधार पर, वैसे इन भक्ति मार्ग के रस्म से भी ऐसे वैराग्य आना चाहिए। इस वैराग के बाद ही याद की स्पीड बढ़ सकेगी। नहीं तो कितना भी पुरुषार्थ करो। जैसे भक्त लोग कितना भी पुरुषार्थ करते हैं भगवान् की याद में बैठने का, बैठ सकते हैं? कितना भी अपने को मारते हैं, कष्ट करते हैं, भिन्न रीति से समय देते हैं, सम्पत्ति लगाते हैं, फिर भी हो सकता है? यहाँ भी अगर दुर्गति मार्ग की रीति रस्म है तो याद की यात्रा की स्पीड बढ़ नहीं सकती, अटूट याद हो नहीं सकती। घंटिया बजाना आदि छूट गया कि स्थूल रूप में छोड़ सूक्ष्म रूप ले लिया? भक्तों को तो खूब चैलेंज करते हो कि टाइम वेस्ट, मनी वेस्ट करते हो। अपने को चेक करो कहाँ तक ज्ञानी तू आत्मा बने हो? ज्ञानी तू आत्मा का अर्थ ही है हर संस्कार, हर बोल ज्ञान सहित हो। कर्म भी ज्ञान स्वरूप हो। इसको ज्ञानी तू आत्मा कहा जाता है। आत्मा में जैसे-जैसे संस्कार हैं वह ऑटोमेटिकली वर्क करते हैं। ज्ञानी तू आत्मा के नेचुरल कर्म और बोल ज्ञान स्वरूप होंगे। तो अपने को देखो ज्ञानी तू आत्मा बने हैं? भक्ति अर्थात् दुर्गति में जाने का जरा भी नाम-निशान नहीं होना चाहिए। जैसे आप लोग कहते हो जहाँ ज्ञान है वहाँ भक्ति नहीं, जहाँ भक्ति है वहाँ ज्ञान नहीं। रात और दिन की मिसाल देकर बताते हो ना? तो भक्तिपन के संस्कार स्थूल व सूक्ष्म रूप में भी न हों। ज्ञान के संस्कार भी बहुत समय से चाहिए ना। बहुत समय से अभी संस्कार नहीं भरेंगे तो बहुत समय राज्य भी नहीं करेंगे। अन्त समय भरने का पुरुषार्थ करेंगे तो राज्य-भाग्य भी अन्त में पायेंगे। अभी से करेंगे तो राज्य-भाग्य भी आदि से पायेंगे। हिसाब-किताब पूरा है-जितना और उतना। मधुबन निवासियों को तो लिफ्ट है और एक्स्ट्रा गिफ्ट है क्योंकि सामने एग्ज़ाम्पल है, सभी सहज साधन हैं। सिर्फ कारण को निवारण में परिवर्तन कर दो तो मधुबन निवासियों को जो गिफ्ट है उनसे अपने को बहुत परिवर्तित कर सकते हो। सदैव आपके सामने निमित्त बनी हुई मूर्तियाँ एग्ज़ाम्पल हैं। शक्तियों का संकल्प भी पॉवरफुल होता है, कमज़ोर नहीं। जो चाहे सो करें, ऐसे को शक्ति सेना कहा जाता है। यहाँ तो बहुत सहज साधन है। काम किया और अपने पुरुषार्थ में लग गये। मधुबन निवासियों से ही मधुबन की शोभा है। फिर भी बहुत लकी हो। अपने को जानो, न जानो, फिर भी लकी हो। कई बातों से बचे हुए हो। स्थान के महत्व को, संग के महत्व को, वायुमण्डल के महत्व को भी जानो तो एक सेकण्ड में महान् बन जायेंगे। कोई बड़ी बात नहीं। माला फिक्स नहीं है। सभी को चाँस है। अब देखेंगे प्रैक्टिकल में क्या परिवर्तन दिखाते हैं? उम्मीदवार तो हो ना? अच्छा!