नांगल खुर्द, जी.टी. रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सोनीपत रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय विशेष ध्यान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में हिसार, करनाल, जालंधर, मंडी गोबिंदगढ़ तथा हिमाचल प्रदेश के मंडी सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को तनावमुक्त जीवन जीने, मन को एकाग्र करने तथा आंतरिक शांति का अनुभव करने की सरल विधियां सिखाना रहा।
इस अवसर पर सोनीपत रिट्रीट सेंटर की संचालिका बी.के. लक्ष्मी दीदी जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि
जीवन में आने वाली प्रत्येक परिस्थिति को शांत भाव से स्वीकार करने और मन को स्थिर रखने की कला सीखना आवश्यक है। यदि हम जीवन की घटनाओं को एक साक्षी एवं दर्शक के रूप में शांत भाव से देखना सीख लें, तो कोई भी परिस्थिति हमें विचलित नहीं कर सकती।
पानीपत ज्ञान मानसरोवर के निदेशक बी.के. भारत भूषण भाई जी ने
मन को सदैव प्रसन्न एवं सकारात्मक रखने के चार सरल सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में परमात्मा का धन्यवाद करना, समय के खेल को सकारात्मक रूप से स्वीकार करना, अपनी आंतरिक अच्छाइयों को पहचानना तथा जीवन में मिली अपनी भूमिका को खुशी-खुशी निभाना चाहिए। उन्होंने समझाया कि संतुलित एवं सकारात्मक मन से जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी कल्याण का अनुभव किया जा सकता है।
जींद से पधारे वरिष्ठ शिक्षक बी.के. विजय भाई जी ने
मन की कार्यप्रणाली को समझाते हुए कहा कि हमारा मन एक जिन्न की तरह है। यदि हम अपनी बुद्धि के माध्यम से इसे श्रेष्ठ विचारों और सकारात्मक कार्यों में व्यस्त रखना सीख लें, तो यह व्यर्थ भटकना बंद कर देता है। उन्होंने खुली आंखों से भी शांत एवं एकाग्र रहने के अभ्यास को दैनिक जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। इस अवसर पर चंडीगढ़ से पधारीं बी.के. अनीता दीदी ने भी अपने आध्यात्मिक विचारों एवं अनुभवों से प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न आध्यात्मिक एवं सकारात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत सुबह शारीरिक व्यायाम से होती थी, जबकि शाम को टहलते हुए ध्यान का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों ने आध्यात्मिक प्रदर्शनी एवं त्रि-आयामी चलचित्र के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया। आश्रम परिसर में निर्मित शांत कुटियाओं में बैठकर सभी ने गहन शांति एवं सुकून का अनुभव किया।
शिविर के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्नेह भेंट एवं प्रसाद प्रदान किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन ने प्रतिभागियों को जीवन में सकारात्मकता, मानसिक शांति, आत्मचिंतन और तनावमुक्त रहने की कला को अपनाने की प्रेरणा दी।
































