Brahma Kumaris

बरेली में विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर

बरेली में विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर
2 min

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं समाज सेवा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका आदरणीय राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में बड़े ही श्रद्धा और सेवा भाव से मनाया गया। भारत और नेपाल भर में 22 से 25 अगस्त तक आयोजित हो रहे विशाल रक्तदान शिविरों की श्रृंखला में, 23 अगस्त 2025 को बरेली में भी एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत परमात्म अनुभूति योग एवं मौन के माध्यम से की गई, जिसने उपस्थितजनों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर विधायक कैण्ट श्री संजीव अग्रवाल, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. पारुल उप्पल, डॉ. अतुल सक्सेना सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने दादी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की एवं रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में बोलते हुए बीके नीता बहन जी ने दादी जी के सेवामय जीवन को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा, “दादी जी ने सदैव विश्व शांति, प्रेम और सहयोग का संदेश दिया। उनका सम्पूर्ण जीवन भाईचारे और एकता को समर्पित था। उन्होंने सिखाया कि जाति, धर्म, भाषा या संस्कृति चाहे कोई भी हो, हम सभी आत्माएँ परमात्मा की संतान हैं। दादी जी का सपना था कि हर मानव ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना से जीवन जिए।”

इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में आर्मी की 6वीं डिविजन, यूवी एरिया, जाट रिकार्ड एवं सेंटर के 90 जवानों सहित संस्था से जुड़े सैकड़ों भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 173 रक्तदाताओं ने इस पुण्य सेवा में भागीदारी निभाई। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नर्सों की टीम ने पूर्ण सुरक्षा और सावधानी के साथ रक्त संग्रहण की प्रक्रिया सम्पन्न की तथा सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

यह आयोजन दादी प्रकाशमणि जी की आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, साथ ही ‘विश्व बंधुत्व’ की भावना को जन-जन तक पहुँचाने वाला प्रेरणादायक कदम भी सिद्ध हुआ।

Enjoyed reading?

This news can inspire someone today

Stay connected with Campaigns & Projects news from Bareilly — share it with someone who cares.