मध्य प्रदेश के विदिशा स्थित रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक भवन में ब्रह्माकुमारीज़ के 'संगम – गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन अभियान' के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के समाज सेवा प्रभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह, विधायक श्री मुकेश टंडन, विधायक श्री हरि सिंह सप्रे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शर्मा एवं ब्रह्माकुमारीज़ की बीके शैलजा दीदी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने कहा कि वृद्धावस्था बोझ नहीं, बल्कि जीवनभर के अनुभवों, संस्कारों और ज्ञान का गौरव है। हमारे बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को श्रेष्ठ संस्कार एवं जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों की हृदय से सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बीके रुक्मणी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, वहीं बैतूल से पधारीं बीके रेखा ने अभियान की रूपरेखा एवं उद्देश्यों से सभी को परिचित कराया।
इस अवसर पर डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया। बीके शैलजा दीदी ने कहा कि परिवार की वास्तविक मजबूती प्रेम, श्रेष्ठ संस्कार और बड़ों के सम्मान से आती है।
कार्यक्रम में राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक शांति एवं आत्मिक सशक्तिकरण का संदेश दिया गया तथा वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया गया।
इस आयोजन ने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि बुजुर्ग हमारे ऊपर बोझ नहीं, बल्कि हमारे जीवन की अनमोल पूंजी और अनुभवों की विरासत हैं। उनके प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग का भाव रखना ही हमारी सच्ची सांस्कृतिक पहचान है।



















