लखनऊ: युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। लखनऊ स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के गुलज़ार उपवन में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विशाल एलईडी स्क्रीन पर किया गया, जिसमें विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा प्रबंधन प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, बेसिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक श्री राजेश शाही, टेक्नो इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष श्री रविंद्र अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारीज़ गोमती नगर सेवा केंद्र की संचालिका बीके राधा दीदी ने कहा कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कर सकारात्मक एवं मूल्यनिष्ठ जीवन जीने की शक्ति प्रदान करता है। अंत में सभी ने आजीवन नशामुक्त रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।
अंबिकापुर से शुरू हुआ 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान

राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में आयोजित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नशा मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमूलक सिंह ढिल्लो, सहायक पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा ब्रह्माकुमारीज़ की बीके विद्या दीदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

बीके विद्या दीदी ने बताया कि सरगुजा संभाग के 250 से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं गाँवों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभाव पर आधारित प्रेरक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बीके अहिल्या को कलश एवं बीके संजू को ध्वज प्रदान कर महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया तथा युवाओं को नशामुक्त एवं संस्कारवान भारत के निर्माण का संदेश दिया।
बैतूल: एक लाख लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का लक्ष्य

इसी श्रृंखला में मध्य प्रदेश के बैतूल स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के भाग्य विधाता भवन में जिला स्तरीय नशा मुक्ति महाअभियान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम बरकड़े, नगर पालिका अध्यक्षा पार्वती बारसकर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, वरिष्ठ पत्रकार नीता वराठे तथा बैतूल, सारणी एवं मुलताई सेवा केंद्रों की प्रभारी बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य वक्ता बीके सुनीता दीदी ने कहा कि व्यक्ति को बुराइयों का नहीं, बल्कि ज्ञान, ईश्वर की याद और श्रेष्ठ संस्कारों का नशा करना चाहिए। बीके सविता ने बताया कि 6 से 20 अगस्त तक चलने वाले महाअभियान के अंतर्गत बैतूल जिले में एक लाख लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सभी को जागरूक किया तथा अंत में बीके पूर्णिमा ने उपस्थित सभी को नशामुक्त एवं मूल्यनिष्ठ जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई।















