ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से दिल्ली, चंडीगढ़ में वरिष्ठ जनों के सम्मान, गरिमापूर्ण जीवन, सकारात्मक मूल्यों तथा जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन का संदेश दिया गया।
दिल्ली: शक्ति नगर सेवा केंद्र में अनुभवी वरिष्ठ जनों का सम्मान

डेरावाल नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के शक्ति नगर सेवा केंद्र में वरिष्ठ जनों के जीवन अनुभव, संस्कार और आत्मिक शक्ति को सम्मान देने के उद्देश्य से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ जनों के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा आध्यात्मिक दृष्टिकोण से जीवन को उमंग और उत्साह के साथ जीने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के निदेशक प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा कि केवल वेदों का अध्ययन करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जीवन से वेदना को समाप्त करना भी आवश्यक है। स्थानीय प्रभारी बी.के. चक्रधारी दीदी ने वरिष्ठ जनों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि हमें शारीरिक उम्र के बजाय अपनी आत्मिक शक्ति को देखना चाहिए।

रानी दीदी ने कहा कि वरिष्ठ पीढ़ी के पास जीवन के अनुभव और संस्कारों की अमूल्य पूंजी है। इन अनुभवों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना इस विरासत को आगे बढ़ाने का श्रेष्ठ माध्यम है। इस अवसर पर बी.के. डॉ. मंजू गुप्ता एवं डॉ. एम.डी. गुप्ता ने भी अपने विचार साझा किए। समारोह में वरिष्ठ जनों के अनुभवों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
चंडीगढ़: गरिमापूर्ण वृद्धावस्था और सम्मानित जीवन पर विशेष कार्यक्रम

चंडीगढ़ स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र ज्ञान ज्योति, सेक्टर-48 की ओर से ओपन एयर थिएटर के पार्क में “गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ जनों के सम्मान, गरिमापूर्ण जीवन तथा परिवार में पीढ़ियों के बीच प्रेम और सामंजस्य बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में वृद्धजनों एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ बी.के. कोमल द्वारा ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के परिचय से हुआ। सेक्टर-46 की प्रभारी बी.के. पूनम दीदी ने सभी का स्वागत किया। सेक्टर-43 की केंद्र प्रभारी बी.के. कविता दीदी ने कहा कि वरिष्ठ जनों और युवा पीढ़ी को एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए संबंध निभाने चाहिए।

कार्यक्रम में बी.के. आरशिया ने भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जबकि बी.के. जय गोपाल लूथरा के मधुर गीतों ने वातावरण को उमंग और आनंद से भर दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सेक्टर-48 की केंद्र प्रभारी बी.के. चंद्रकला दीदी ने किया। समाजसेवी परवीन नारंग ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
समापन अवसर पर बी.के. पूनम ने सभी से घर के बुजुर्गों का सदैव आदर-सम्मान करने तथा उनके प्रति प्रेम और संवेदनशीलता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प कराया।


















