महाराष्ट्र के चाकूर में ब्रह्माकुमारीज़ के नवनिर्मित दिव्य दर्शन भवन का लोकार्पण हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह भवन क्षेत्र में आध्यात्मिक ज्ञान, शांति, सद्भाव एवं सकारात्मक परिवर्तन का संदेश प्रसारित करने वाला एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
भवन का विधिवत लोकार्पण ब्रह्माकुमारीज़ की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र राज्य के सहकारिता मंत्री श्री बाबासाहेब पाटिल ने की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी अतिथियों एवं बीके सदस्यों ने नवनिर्मित भवन में प्रवेश किया।
इस अवसर पर बीके जयंती दीदी ने दिव्य दर्शन भवन नाम की सराहना करते हुए कहा कि
यह केंद्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अनेक सुंदर कार्यों का माध्यम बनेगा। उन्होंने प्रेम, स्नेह, सहयोग एवं आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से भारत को पुनः स्वर्ग समान बनाया जा सकता है।
समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में लातूर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. शिवाजीराव कागे, पुलिस उप अधीक्षक श्री राजेंद्र प्रकाश माईने, नगराध्यक्ष श्री भागवत फुले तथा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष श्री विलासराव पाटिल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माउंट आबू से वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके हंसा, बीके रुपेश, सोलापुर उपक्षेत्र की निर्देशिका बीके सोमप्रभा दीदी, बीके भरत भाई तथा विभिन्न सेवा केंद्रों की संचालिकाएं बीके सुनीता, बीके संगीता, बीके प्रतिमा एवं बीके नंदा की विशेष उपस्थिति रही। उदगीर सेवा केंद्र की संचालिका बीके महानंदा एवं चाकूर सेवा केंद्र की संचालिका बीके ज्योति ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सत्कार किया।
समारोह में स्थानीय नागरिकों एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नवनिर्मित दिव्य दर्शन भवन को क्षेत्र में आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन एवं नैतिक मूल्यों के प्रसार का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
इस विशेष अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए उदगीर सेवा केंद्र को महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण एवं प्रबंधन पुरस्कार 2026 से सम्मानित किए जाने की उपलब्धि भी साझा की गई। उदगीर सेवा केंद्र की संचालिका बीके महानंदा के मार्गदर्शन में किए जा रहे प्रयासों को मिली यह उपलब्धि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के लिए गौरव का विषय है।
बीके जयंती दीदी ने भवन की आध्यात्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि यह केवल ईंट और पत्थरों से बना भवन नहीं है, बल्कि इसकी प्रत्येक ईंट में परमात्मा की याद, त्याग और तपस्या की भावना समाई हुई है। यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति परमात्मा से जुड़कर शांति एवं शक्ति का अनुभव कर सकेगा।
दिव्य दर्शन भवन का शुभारंभ क्षेत्र में आध्यात्मिक जागृति, आत्मिक उन्नति और मानव सेवा के नए अध्याय का आरंभ है।



















