आध्यात्मिक एकता, विश्व शांति एवं मानव कल्याण का संदेश लेकर ब्रह्माकुमारीज़ की रूस स्थित सेंट पीटर्सबर्ग शाखा की निदेशिका बीके संतोष दीदी ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान ऋषिकेश स्थित प्रसिद्ध परमार्थ निकेतन में पावन गंगा आरती में सहभागिता की।
इस अवसर पर उन्होंने परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती जी एवं साध्वी भगवती सरस्वती जी के साथ संध्या गंगा आरती में भाग लिया। आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न इस आरती के माध्यम से सभी ने शांति, सद्भावना एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
आरती के पश्चात हुई विशेष मुलाकात में वैश्विक शांति, भारतीय संस्कृति, मानव कल्याण तथा आध्यात्मिक चेतना के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान राजयोग मेडिटेशन की महत्ता और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उसकी भूमिका पर भी चर्चा की गई। सभी ने इस बात पर विचार साझा किए कि आत्मिक शांति, सकारात्मक चिंतन और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से व्यक्ति, समाज और संपूर्ण विश्व में शांति एवं सद्भावना को बढ़ावा दिया जा सकता है।
यह आध्यात्मिक मिलन विभिन्न आध्यात्मिक संस्थाओं के बीच आपसी सहयोग, एकता और विश्व कल्याण के साझा संकल्प को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी अवसर रहा।






















