छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के नवा रायपुर स्थित शांति शिखर परिसर में 45 कन्याओं का भव्य एवं भावपूर्ण समर्पण समारोह आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर 45 कन्याओं ने अपना संपूर्ण जीवन परमात्म सेवा, आध्यात्मिक मूल्यों और विश्व कल्याण के महान कार्य के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया।
समारोह में संस्था की अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके जयंती दीदी ने कन्याओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि
जो माता-पिता अपनी बेटियों को विश्व कल्याण के पावन कार्य के लिए समर्पित करते हैं, वे वास्तव में परम भाग्यशाली हैं। उन्होंने कहा कि ये कन्याएं परमात्मा से अविनाशी संबंध जोड़कर अपने जीवन के माध्यम से हजारों-लाखों आत्माओं को सुख और शांति का मार्ग दिखाएंगी तथा विश्व परिवर्तन के महान कार्य में सहभागी बनेंगी।
इंदौर जोन की क्षेत्रीय निर्देशिका बीके हेमलता दीदी ने कन्याओं के दृढ़ संकल्प की सराहना की। वहीं प्रयागराज से पधारी धार्मिक प्रभा की अध्यक्षा बीके मनोरमा दीदी ने कहा कि कलियुग में आधुनिक मीरा के समान परमात्मा के प्रति समर्पण कन्याओं के साहस, वीरता और अटूट निश्चय का प्रतीक है। उन्होंने कन्याओं को श्रेष्ठ संस्कारों से सुसज्जित करने वाले माता-पिता एवं परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में माउंट आबू से बीके हंसा दीदी, गांधीनगर से बीके कैलाश दीदी, मेरठ से बीके लक्ष्मी दीदी एवं बीके मूर्ति दीदी, भिलाई से बीके आशा दीदी, उज्जैन से बीके उषा दीदी, इंदौर से बीके करुणा दीदी तथा रायपुर की संचालिका बीके सविता दीदी सहित देश-विदेश एवं मधुबन से पधारे अनेक वरिष्ठ भाई-बहन उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ रायपुर के बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण नृत्य-नाटिका 'एक चिट्ठी माता-पिता के नाम' से हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर समर्पित होने वाली कन्याओं के अभिभावकों का विशेष सम्मान किया गया। माता-पिता ने सामूहिक रूप से संकल्प पत्र का पाठ करते हुए परमात्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और अपनी बेटियों के इस महान आध्यात्मिक निर्णय पर गर्व प्रकट किया।
यह भव्य समर्पण समारोह त्याग, तपस्या, पवित्रता, संस्कार और परमात्म प्रेम का अनुपम उदाहरण बना। साथ ही इसने समाज को यह प्रेरणा दी कि जब बेटियों के दृढ़ संकल्प के साथ माता-पिता का आशीर्वाद और सहयोग जुड़ता है, तो वे विश्व परिवर्तन जैसे महान कार्य में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।






























