हरियाणा के जूई कलां स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवाकेंद्र में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष आध्यात्मिक दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चैतन्य देवियों की पावन आरती एवं दीप प्रज्वलन के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर ग्राम सरपंच पवन रापड़िया, थाना प्रभारी अजय कुमार, प्रमुख समाजसेवी राजेंद्र गांधी, वीरेंद्र गांधी, पूर्व सैनिक राजकुमार समझोता, बीके रेणु एवं बीके शशि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सेवाकेंद्र प्रभारी बीके निर्मला दीदी ने सभी अतिथियों का ईश्वरीय सौगात एवं ईश्वरीय पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने दीपावली के आध्यात्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल बाहरी रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंतर्मन के विकारों को दूर कर आत्मिक ज्योति जगाने और जीवन में पवित्रता एवं सकारात्मकता लाने का पावन अवसर है।
वक्ताओं ने सभी से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण से बचते हुए घर-आंगन में गाय के शुद्ध घी के मिट्टी के दीये जलाएं। इससे वातावरण में शुद्धता एवं सकारात्मकता का संचार होगा और पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान चैतन्य देवी स्वरूप में सजी कन्या की विधिवत आरती की गई तथा उपस्थित सभी लोगों ने उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। सेवाकेंद्र प्रभारी बीके निर्मला दीदी ने सभी को ईश्वरीय स्मृति में रहकर अपने जीवन को दिव्य, श्रेष्ठ एवं संस्कारवान बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने दीपावली के वास्तविक आध्यात्मिक स्वरूप को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं को ईश्वरीय प्रसाद के रूप में टोली वितरित की गई।
इस प्रकार दीपोत्सव कार्यक्रम ने सभी को आध्यात्मिक जागृति, आत्मिक पवित्रता एवं पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश देते हुए स्वच्छ, शांतिपूर्ण और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया।



















