मुंबई | बोरीवली वेस्ट सेवा केंद्र

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुंबई के बोरीवली वेस्ट सेवा केंद्र की ओर से शांति धाम प्रार्थनालय में “पावर ऑफ लव” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय टीवी सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा में कृष्णन अय्यर की भूमिका निभाने वाले अभिनेता तनुज महाशब्दे सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
केंद्र प्रभारी बीके बिंदु ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डाला, जबकि बीके श्रेया ने “पावर ऑफ लव” विषय पर अपने विचार साझा किए। उपस्थित लोगों को 15 दिवसीय राजयोग कोर्स के लिए आमंत्रित किया गया तथा मेडिटेशन कमेंट्री के माध्यम से शांति की अनुभूति कराई गई। कार्यक्रम का समापन प्रभु की प्रेममय स्मृति और ईश्वरीय राखी के साथ हुआ। इसमें लगभग 250 लोगों ने सहभागिता की।
अभिनेता तनुज महाशब्दे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि लंबे समय बाद यहां आने पर भी उन्हें हमेशा सकारात्मक वाइब्रेशन का अनुभव होता है। उन्होंने सभी से इस स्थान पर आकर स्वयं इसका अनुभव करने का आग्रह किया।

दिल्ली | पांडव भवन, करोल बाग

दिल्ली के पांडव भवन, करोल बाग स्थित ब्रह्माकुमारीज़ में रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के न्यायाधीशों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, पुलिस अधिकारियों, व्यापारियों एवं विभिन्न संस्थानों से जुड़े 300 से अधिक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
पांडव भवन की प्रभारी बीके पुष्पा दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज मनुष्य को बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ मानसिक असुरक्षा से मुक्ति की भी आवश्यकता है। सभी अतिथियों को ईश्वरीय राखी बांधकर स्वराज्य का तिलक लगाया गया तथा ब्लेसिंग कार्ड और प्रसाद प्रदान किया गया।

इस अवसर पर करोल बाग के विधायक विशेष रवि, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय विधि सचिव डॉ. बी. ए. अग्रवाल, रोहिणी कोर्ट की जज किरण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। क्षेत्र के प्रशासनिक कार्यालयों, बैंकों, संस्थानों, पुलिस स्टेशन और सर गंगाराम अस्पताल में भी ब्रह्माकुमारी बहनों ने ईश्वरीय राखी बांधकर आध्यात्मिक संदेश दिया।
महसाना | गॉडली पैलेस

माउंट आबू से पधारे बीके करण भाई ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से “खुश रहने की कला” पर मार्गदर्शन दिया। बीके सरला दीदी एवं बीके कुसुम ने ब्लड बैंक की टीम को ईश्वरीय राखी बांधी और ईश्वरीय सौगात भेंट की।
बीके सरला दीदी ने कहा कि यदि हमारी खुशी बार-बार कम या ज्यादा होती है, तो हमें देखना चाहिए कि कहीं हमारी खुशी का आधार बाहरी परिस्थितियां तो नहीं हैं। वास्तविक खुशी भीतर के आध्यात्मिक अनुभव से आती है।

दुर्ग | आनंद सरोवर सेवा केंद्र

दुर्ग के आनंद सरोवर सेवा केंद्र में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में दुर्ग जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह सह परिवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की संचालिका बीके रीटा ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक अर्थ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य आत्माओं की आशा परमात्मा की ओर है और परमात्मा ही सच्ची शांति एवं शक्ति प्रदान करते हैं।
जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आनंद सरोवर के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों को ईश्वरीय रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।

लाहौरी गेट | थाना परिसर

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लाहौरी गेट थाना परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ब्रह्माकुमारी बहनों ने एसएओ योगेश्वर सिंह सहित पूरे पुलिस स्टाफ को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही रक्षासूत्र के आध्यात्मिक महत्व को साझा करते हुए पुलिसकर्मियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं सफलता की कामना की।

पुलिस स्टाफ ने ब्रह्माकुमारीज़ के इस स्नेहपूर्ण एवं आध्यात्मिक प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच प्रेम, आत्मीयता और भाईचारे के रिश्ते को मजबूत करने का सुंदर संदेश दिया।













