महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर सेंट पॉल स्कूल परिसर में अंतरधार्मिक मिलन एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं प्रतिनिधियों ने एक मंच पर एकत्रित होकर शांति, प्रेम, अहिंसा, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ धर्म प्रतिनिधियों के सम्मान से हुआ। इसके पश्चात सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कैंडल लाइटिंग के माध्यम से श्रद्धांजलि दी।
रावतभाटा ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. अंकिता बहन ने कहा कि भाषा, वेशभूषा और धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन सुख और शांति की आवश्यकता सभी की समान है।
कार्यक्रम में मदरसा सिराजुल इस्लाम के मुअल्लिम हाजी सैयद सोहेल इकबाल, ज्ञानी प्रीतम सिंह तथा होली रोजरी चर्च के फादर नेरो सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज़ बहनों ने सभी धर्म प्रतिनिधियों का सम्मान कर उन्हें ईश्वरीय सौगात भेंट की।
इस अंतरधार्मिक मिलन ने यह सुंदर संदेश दिया कि विभिन्न धर्म और परंपराएं होते हुए भी मानवता, शांति, प्रेम और सद्भाव हम सभी को एक सूत्र में जोड़ते हैं।



















