गुजरात के वड़ोदरा में अटलादरा सेवा केंद्र एवं वड़ोदरा शहर ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत आत्माओं की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सद्भावना कार्यक्रम तथा शांति यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अटलादरा सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. डॉ. अरुणा ने कहा कि सड़क
दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण मन की अशांति, तनाव और एकाग्रता की कमी भी है। यदि व्यक्ति मन को शांत और एकाग्र रखे, तो वह अधिक सजगता एवं आत्म-अनुशासन के साथ यातायात नियमों का पालन कर सकता है।
इस अवसर पर वड़ोदरा ट्रैफिक विभाग के एसीपी डी.एम. व्यास, पीआई जे.वी. पंडित, पीआई एम. परमार एवं पीआई के.जे. राणा, कस्टम अधिकारी बी.के. दशरथ भाई तथा माउंट आबू मुख्यालय से बी.के. रमेश भाई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि
सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आत्म-अनुशासन अपनाना और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि कई दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और सावधानी के माध्यम से रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने कुछ क्षण मौन में स्थित होकर सड़क दुर्घटनाओं में असमय दिवंगत हुई आत्माओं के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंत में दीप प्रज्वलन के साथ सद्भावना शांति यात्रा निकाली गई, जिसने समाज में सड़क सुरक्षा, मानवीय संवेदना, आत्म-अनुशासन और शांति का संदेश प्रसारित किया।
कार्यक्रम ने प्रेरणा दी कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। मन की शांति, सजगता और जिम्मेदार व्यवहार से अनेक अनमोल जीवन सुरक्षित रखे जा सकते हैं।




























