ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) में “यूनिटी स्ट्रेंथ फैमिली” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक पारिवारिक सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओआरसी की निदेशिका बी.के. आशा दीदी ने कहा कि
स्नेह, सम्मान और परस्पर सहयोग परिवार की एकता के आधार स्तंभ हैं। आधुनिक जीवनशैली और बदलती पारिवारिक व्यवस्थाओं के बीच इन मूल्यों के कमजोर होने से परिवारों में दूरियां बढ़ रही हैं। उन्होंने परिवार में प्रेम, विश्वास और आपसी समझ को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम को विशेष रूप से संवादात्मक एवं गतिविधि आधारित बनाया गया। विभिन्न मूल्य आधारित गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को परिवार के सदस्यों के बीच बेहतर संवाद, आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव विकसित करने के अवसर मिले। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए समझा कि छोटी-छोटी बातों में सम्मान, धैर्य और सहयोग का भाव रिश्तों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
पारिवारिक संबंधों में आने वाली चुनौतियों पर सामूहिक चर्चा के दौरान यह संदेश दिया गया कि मतभेदों को टकराव का कारण बनाने के बजाय प्रेमपूर्ण संवाद और सकारात्मक दृष्टिकोण से समाधान की ओर बढ़ना चाहिए। गतिविधियों के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य की भूमिका, जिम्मेदारी और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता को भी सहज रूप से समझाया गया।
कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि परिवार की मजबूती केवल भौतिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि विश्वास, आत्मीयता, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से होती है। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन बी.के. फाल्गुनी ने किया।


























