ब्रह्माकुमारीज़ के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय स्थित मानसरोवर परिसर में ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस, ब्रह्माकुमारीज़ एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य विभिन्न धर्मों एवं आध्यात्मिक परंपराओं को एक मंच पर लाकर पोषण, जलवायु संरक्षण, खाद्य सुरक्षा तथा आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से स्वस्थ एवं टिकाऊ विश्व के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ हांगकांग से पधारे दिव्य कलाकार हैरी एवं अयाकू द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात पीस एंबेसडर एवं ग्लोबल इनिशिएटिव फॉर पीस एंड वेलबीइंग की संस्थापक बीके डॉ. बिन्नी सरीन ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा सभी को मेडिटेशन का अभ्यास कराया।
ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस की निदेशक एवं परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश की वरिष्ठ योगाचार्य गंगा नंदिनी ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इसके महत्व को स्पष्ट किया। वहीं यूनिसेफ इंडिया की सोशल एंड बिहेवियर चेंज स्पेशलिस्ट शालिनी प्रसाद ने पोषण, स्वास्थ्य एवं सामाजिक व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर शक्ति अखाड़ा, सतना के महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद जी, वाराणसी के बिस्मिल्लाह खान साहब फाउंडेशन के संस्थापक मौलाना सैयद अब्बास मुर्तजा शमसी तथा असम के पादरी रेवरेंड सेलेन ईश्वरी सहित विभिन्न धर्मों एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मेवाड़, उदयपुर की महारानी साहिबा निवृत्ति कुमारी जी की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में महारानी साहिबा ने प्रजापिता ब्रह्मा बाबा द्वारा दिए गए शांति के संदेश की सराहना करते हुए कहा कि यदि 'ओम शांति' का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित हो जाए, तो यह मानवता के कल्याण और विश्व गुरु भारत की संकल्पना को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम में जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौती पर चिंता व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विज्ञान एवं आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ मनुष्य के लिए प्रकृति से पुनः जुड़ना भी अत्यंत आवश्यक है। यूनिसेफ की प्रतिनिधि ने पोषण संबंधी कार्यक्रमों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जोड़कर जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने मेडिटेशन और सैनिटेशन के बीच के महत्वपूर्ण संबंध को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका बीके डॉ. सविता ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक संकल्प के माध्यम से विश्व कल्याण, पोषण, खाद्य सुरक्षा और जलवायु संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के समापन पर गॉडली वुड स्टूडियो की प्रोडक्शन हेड बीके शिखा ने सभी विशिष्ट अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात अतिथियों का सम्मान किया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों एवं आध्यात्मिक परंपराओं को एक साझा मंच पर लाने का एक सराहनीय प्रयास रहा। इसने प्रेम, शांति, एकता, सहयोग तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सतत विश्व के निर्माण के लिए आध्यात्मिक मूल्यों और सामूहिक प्रयासों की महत्ता को रेखांकित किया।


























