गुरुग्राम स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में स्पार्क विंग के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय योग तपस्या सम्मेलन एवं रिट्रीट संपन्न हुआ। इसमें देशभर से 850 से अधिक शोधार्थियों, विद्वानों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। सम्मेलन में राजयोग, आध्यात्मिक अनुसंधान और जीवन में दिव्य रूपांतरण के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निदेशिका बीके आशा दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि
आध्यात्मिकता केवल विचार नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ कला है। उन्होंने सम्मेलन में शामिल सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि अपने लिए समय निकालना और आत्मिक उन्नति के लिए प्रयास करना सच्चे पुरुषार्थ का प्रतीक है।
स्पार्क विंग के राष्ट्रीय संयोजक बीके श्रीकांत भाई ने कहा कि
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिकता के सिद्धांतों को वैज्ञानिक आधार पर स्पष्ट करना तथा आध्यात्मिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। देश के अनेक प्रतिष्ठित शोध संस्थान इस दिशा में स्पार्क विंग के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान और आध्यात्मिकता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इनके समन्वय से शांतिपूर्ण और श्रेष्ठ विश्व का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर बीके आशा दीदी ने स्पार्क विंग के अनुसंधान कार्यों की चर्चा करते हुए बताया कि
यहां एक विशेष सेंटर संचालित किया जाएगा, जहां विभिन्न उपकरणों के माध्यम से आध्यात्मिकता एवं राजयोग के प्रभावों पर वैज्ञानिक अनुसंधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन शोध कार्यों में ब्रह्माकुमारी भाई-बहन निमित्त बनकर परमात्मा के संदेश को विश्वभर में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने परमात्मा के महावाक्य साइंस और साइलेंस के समन्वय का उल्लेख करते हुए कहा कि जब विज्ञान और आध्यात्मिक शक्ति एक साथ कार्य करेंगे, तब परमात्मा की प्रत्यक्षता का मार्ग प्रशस्त होगा।
सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। चार दिनों तक आयोजित विशेष सत्रों एवं कार्यशालाओं में ध्यान, राजयोग, आध्यात्मिक अनुसंधान, आत्मिक शक्ति तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के विभिन्न आयामों पर गहन चर्चा हुई।
इस अवसर पर स्पार्क विंग की दिल्ली क्षेत्र की संयोजिका बीके सरोज, महाराष्ट्र की संयोजिका बीके अलका, अंबरनाथ मुंबई सेवा केंद्र की प्रभारी बीके मंगला, बीके छाया तथा माउंट आबू से पधारे प्रभाग के मुख्यालय संयोजक बीके संजय ने भी अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन राजयोग शिक्षिका बीके ईशु ने किया।
इस चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए प्रतिभागियों ने आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग और वैज्ञानिक अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त किया। सम्मेलन ने आध्यात्मिकता को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने तथा व्यक्तिगत जीवन में श्रेष्ठ परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणा प्रदान की।
शांति और संस्कार से जुड़ी देश-दुनिया की ऐसी ही आध्यात्मिक खबरों के लिए देखते रहिए ब्रह्माकुमारीज़ मधुबन न्यूज़।























