कोलकाता स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के ग्लोबल एनलाइटनमेंट रिट्रीट सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव आध्यात्मिक उल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर 'विश्व परिवर्तन हेतु आध्यात्मिक जागृति अभियान' का शुभारंभ किया गया। समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्री जयप्रकाश जी तथा ब्रह्माकुमारीज़ की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में विधायक श्री अग्निश्वर नस्कर, पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय कोलकाता की प्रभारी बीके मुन्नी दीदी, भाजपा जिला अध्यक्ष डायमंड हार्बर श्रीमती सोमा घोष, मालदीव गणराज्य के मानद काउंसिल श्री रामकृष्ण जायसवाल एवं भाजपा डायमंड हार्बर के जिला प्रभारी श्री सत्यप्रिय चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्री जयप्रकाश जी ने परिसर स्थित बाबा कुटिया के दर्शन किए तथा पूरे परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने राजयोगिनी बीके कानन दीदी की स्मृति में निर्मित कानन उद्यान के हीलिंग गार्डन में विशेष अनुभूति करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री जयप्रकाश जी ने कहा कि
शांति, आनंद और प्रेम का संगम ही सुखमय जीवन का आधार है। परिवार और समाज में प्रेम, बड़ों का सम्मान, छोटों के प्रति स्नेह तथा मातृशक्ति का आदर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मिक जागृति के लिए मन में शुद्ध संकल्पों का अभ्यास और अपने आचरण, उच्चारण एवं विचारों में पवित्रता लाना जरूरी है।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर प्रस्तावित 200 बेड की आवासीय क्षमता वाले 'दिव्य ज्योति भवन' का शिलान्यास ब्रह्माकुमारीज़ की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी के करकमलों द्वारा विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। इस भवन के निर्माण से देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा आध्यात्मिक सशक्तिकरण कार्यक्रमों, राजयोग शिविरों एवं कार्यशालाओं को और विस्तार मिलेगा।
तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत 'पॉज, रिफ्लेक्ट, ट्रांसफॉर्म – द पावर ऑफ अ स्टेबल माइंड' विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 200 शिक्षकों और शिक्षाविदों ने सहभागिता की।
मुख्य वक्ता राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी ने
शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके मन और भावनाओं को समझना तथा उन्हें श्रेष्ठ संस्कारों से सशक्त बनाना भी आवश्यक है।
इस प्रकार ग्लोबल एनलाइटनमेंट रिट्रीट सेंटर का प्रथम वार्षिकोत्सव आध्यात्मिक जागृति, आत्मिक सशक्तिकरण और विश्व परिवर्तन के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर बना।



























