बिहार को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ब्रह्माकुमारीज़ को राज्य के माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी जी के आमंत्रण पर पटना में आयोजित राज्यस्तरीय चिंतन शिविर में विशेष सत्र के लिए आमंत्रित किया गया।
अधिवेशन भवन, पटना में ओम शांति रिट्रीट सेंटर की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके विधात्री ने नशामुक्त भारत अभियान पर प्रेरणादायक एवं जागरूकता सत्र लिया। इस सत्र में शिक्षा विभाग के 400 से अधिक राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की।
सत्र के समापन पर सभी अधिकारियों ने स्वयं नशामुक्त रहने तथा बिहार को नशामुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान कांकरबाग, पटना की प्रभारी बीके संगीता दीदी ने शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी जी को ईश्वरीय शुभकामनाएं एवं प्रसाद भेंट किया।
साथ ही, बिहार में ब्रह्माकुमारीज़ की आध्यात्मिक एवं सामाजिक सेवाओं को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने को लेकर शिक्षा मंत्री जी के साथ सार्थक चर्चा भी हुई।
यह कार्यक्रम बिहार को नशामुक्त बनाने तथा समाज में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम रहा।





















