21 दिसम्बर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, ऊना केंद्र द्वारा स्थानीय बचत भवन में डी.सी. कार्यालय के अधिकारियों एवं समस्त कर्मचारियों के लिए मैडीटेशन पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की जिला प्रभारी आशा दीदी, मैहतपुर केंद्र की प्रभारी बबिता बहन तथा सह प्रभारी अवधेश भाई ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ध्यान, आत्मिक शांति और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में एस.डी.एम. अभिषेक मित्तल, एच.ए.एस. विनय मोदी, जिला प्रशासन की ओर से सहायक आयुक्त वीरेन्द्र शर्मा, ऊनकोफैड के चेयरमैन राजेन्द्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन एस.डी.एम. अभिषेक मित्तल द्वारा किया गया।
अपने संबोधन में एस.डी.एम. अभिषेक मित्तल ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को अपने लिए समय निकालना आवश्यक है। माइंड, बॉडी और आत्मा में संतुलन बनाकर एकाग्रता के साथ कार्य करने से कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होती है।
यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, जिससे कार्यस्थल पर मानसिक शांति और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिला।




















