जयपुर में सामुदायिक सहभागिता और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा। पूर्णिमा विश्वविद्यालय, ग्राम पंचायत जाहोता एवं ब्रह्माकुमारीज़ के कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह पहल ग्रामीण उत्थान, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता और युवाओं में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्णिमा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “यूनाइटिंग फॉर चेंज” रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुलदीप शर्मा ने एमओयू के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इस सहयोग की महत्ता बताई।
कार्यक्रम में पूर्णिमा विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद्र पाधी, ब्रह्माकुमारीज़ जयपुर सबज़ोन की प्रभारी बी.के. सुषमा दीदी तथा ब्रह्माकुमारीज़ वैशाली नगर सेवा केंद्र की प्रभारी बी.के. चंद्रकला विशेष रूप से उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर शामिल हुए।
इस त्रिपक्षीय सहयोग का उद्देश्य विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता से समाज के विकास को गति देना, ग्रामीण समुदायों के उत्थान में योगदान देना तथा युवाओं में नैतिक एवं मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।
यह पहल इस संदेश को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है कि सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए शिक्षा, आध्यात्मिक मूल्यों और सामुदायिक सहयोग का समन्वय आवश्यक है।





























