महाराष्ट्र के अहिल्या नगर स्थित धनकरवाड़ी में संत योगीराज सद्गुरु श्री गंगागिरी महाराज के 179वें अखंड हरिनाम सप्ताह के दौरान एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। सभा में उपस्थित 27,515 लोगों ने एक साथ नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लेकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
यह विशाल संकल्प कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ के 10 करोड़ नशा मुक्ति महाभियान के अंतर्गत सोनई सेवा केंद्र एवं अहिल्या नगर सेवा केंद्र के प्रयासों से आयोजित किया गया। सामूहिक संकल्प को विनर्स बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा देशभर में चलाए जा रहे इस महाभियान का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के हर वर्ग को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा जन-जन में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। महाराष्ट्र में एक साथ इतने विशाल जनसमूह द्वारा नशा मुक्ति का संकल्प लेना इस अभियान के व्यापक प्रभाव और जन-जागृति का उल्लेखनीय प्रमाण बना।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विनर्स बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अध्यक्ष बीके डॉ. दीपक हरके ने सरला बेट मठ के प्रमुख गुरुवर्य महंत रामगिरी महाराज को विश्व रिकॉर्ड दर्ज होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के मेडिकल विंग के एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी बीके डॉ. बनारसी लाल, अहिल्या नगर सेंटर की प्रभारी बीके राजेश्वरी दीदी, बीके सुप्रभा, सोनई सेंटर की प्रभारी बीके उषा, मधु महाराज, पूर्व मंत्री अन्ना साहेब मसके पाटिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह उपलब्धि केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि नशा मुक्त, स्वस्थ और संस्कारवान भारत के निर्माण के लिए जन-जन में जागृत हो रहे सामूहिक संकल्प का शक्तिशाली प्रतीक बनी।






















