बिलासपुर रेंज में आयोजित तीन दिवसीय रेंज स्तरीय रिफ्रेशर कोर्स के दौरान लगभग 150 पुलिस अधिकारियों के लिए तनाव प्रबंधन एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
आईजी रामगोपाल गर्ग एवं एसएसपी रजनीश सिंह के मार्गदर्शन तथा एएसपी मदुलिका सिंह के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और शक्ति सहित आठ जिलों के पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बिलासपुर स्थित राजयोग भवन की संचालिका बी.के. स्वाति ने कार्यशाला में तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक सूत्र साझा किए। उन्होंने शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक तनाव के विभिन्न पहलुओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
प्रशिक्षण की विशेषता यह रही कि इसे केवल व्याख्यान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इंटरैक्टिव गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यासों के माध्यम से अधिकारियों को तनाव से निपटने के उपाय समझाए गए।
सत्र के दौरान यह समझाया गया कि जब हमारी क्षमता परिस्थितियों के दबाव से कम होती है, तो तनाव महसूस होता है। वहीं, जब हमारी आंतरिक क्षमता दबाव से अधिक होती है, तो वही परिस्थिति हमें परेशान नहीं करती और हम शांत एवं स्थिर रहकर सही निर्णय लेने में सक्षम होते हैं।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को नियमित राजयोग एवं आध्यात्मिक अभ्यास के माध्यम से मन को शांत और स्थिर रखने का संदेश भी दिया गया। यह बताया गया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शांत मन सही निर्णय लेने और प्रभावी कार्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में बी.के. संतोषी एवं डॉ. कमल छाबड़ा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि बाहरी जिम्मेदारियों के साथ-साथ मन का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है। शांत मन, सकारात्मक सोच और आंतरिक शक्ति के माध्यम से तनावपूर्ण परिस्थितियों का बेहतर ढंग से सामना किया जा सकता है।


























