गुजरात के दाहोद में तनावमुक्त जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक चिंतन का संदेश देने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ की अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता बीके शिवानी दीदी का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिटी ग्राउंड में “सदा स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीने की कला” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 6,000 से 7,000 लोगों ने सहभागिता कर सुखी, शांतिपूर्ण और खुशहाल जीवन जीने के प्रेरणादायी सूत्र प्राप्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर दाहोद के सांसद जसवंत सिंह भाभोर, रामानंद पार्क के महंत श्री 108 जगदीश जी महाराज, दाहोद विधायक कन्हैयालाल किशोरी, प्रसिद्ध गायक हरीश मोयल, डीडीओ हीरेन बार, वडोदरा अलकापुरी सबजोन की प्रभारी बीके डॉ. निरंजना दीदी तथा गोधरा से बीके सुरेखा दीदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में बीके शिवानी दीदी ने कहा कि सुख और शांति का वास्तविक आधार जीवन में नैतिक मूल्यों का होना है। धन, शक्ति और अधिकार होने के बावजूद यदि जीवन में नैतिक मूल्य नहीं हैं, तो सच्चे सुख और शांति की अनुभूति नहीं हो सकती। उन्होंने सकारात्मक संकल्पों के महत्व को समझाते हुए बताया कि हमारे विचारों का प्रभाव हमारी मानसिक स्थिति, शारीरिक स्वास्थ्य और आपसी संबंधों पर पड़ता है। जब हम दूसरों के प्रति शुभभावना और शुभकामनाएं रखते हैं, तो मन की नकारात्मकता दूर होने लगती है और संबंधों में भी मधुरता आती है।
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व दाहोद सेवा केंद्र पर बीके शिवानी दीदी का गुजराती रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक अंदाज में आत्मीय और भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की वरिष्ठ बीके बहनें उपस्थित रहीं। उन्होंने बीके शिवानी दीदी का अभिनंदन कर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से ब्रह्माकुमारीज़ ने समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया कि सकारात्मक चिंतन, नैतिक मूल्य और आध्यात्मिक जीवनशैली को अपनाकर हर व्यक्ति अपने जीवन को स्वस्थ, सुखी और शांतिपूर्ण बना सकता है।
ब्रह्माकुमारीज़ का यह प्रयास समाज में आध्यात्मिक जागृति लाने तथा लोगों को तनावमुक्त और खुशहाल जीवन जीने की कला सिखाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल रहा।


















