विश्व में शांति, सद्भाव और धार्मिक एकता की स्थापना के उद्देश्य से अमेरिका के सॉल्ट लेक सिटी में आयोजित तीन दिवसीय जी-20 इंटरफेथ फोरम में ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से एंटीगुआ एवं बारबुडा की निर्देशिका बीके डॉ. पायल ने प्रभावशाली सहभागिता की।
'रेजिलिएंट होप, शेयर्ड फ्यूचर' थीम पर आधारित इस वैश्विक सम्मेलन में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, विद्वानों, नीति निर्माताओं और सामाजिक नेताओं ने शांति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा, स्वास्थ्य एवं धार्मिक स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
सम्मेलन का उद्घाटन विश्व प्रसिद्ध टैबरनेकल में हुआ, जहां 150 वर्षों की संगीत परंपरा से समृद्ध टैबरनेकल क्वायर एवं ऑर्केस्ट्रा की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर बीके डॉ. पायल ने जी-20 इंटरफेथ फोरम एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रोफेसर डब्ल्यू. कोल्डरह, उपाध्यक्ष कैथरीन मार्शल, प्रख्यात आध्यात्मिक विभूति पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती, अर्जेंटीना काउंसिल फॉर रिलीजियस फ्रीडम के अध्यक्ष जुआन जी. नवारो फ्लोरिया तथा फ्रीडम ऑफ रिलिजन साउथ अफ्रीका के कार्यकारी निदेशक माइकल स्वेन सहित अनेक विशिष्ट हस्तियों से संवाद किया।
इस दौरान बीके डॉ. पायल ने धार्मिक स्वतंत्रता, आध्यात्मिक मूल्यों, आंतरिक शांति और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सम्मान एवं सद्भाव को बढ़ावा देने में ब्रह्माकुमारीज़ की सेवाओं तथा गतिविधियों को साझा किया।
वैश्विक मंच पर ब्रह्माकुमारीज़ की यह सहभागिता विश्व में शांति, एकता और आध्यात्मिक मूल्यों की स्थापना के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।





















