मन की खुशी, शांति और श्रेष्ठ संस्कार ही सुखमय जीवन का आधार हैं। इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ ब्रह्माकुमारीज़ की अंतरराष्ट्रीय प्रेरक वक्ता बीके शिवानी दीदी ने महाराष्ट्र के परभणी और सोलापुर में आयोजित भव्य कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों को सकारात्मक एवं आनंदमय जीवन जीने की प्रेरणा दी।
परभणी में 'खुशियों का पासवर्ड' कार्यक्रम से मिला खुशहाल जीवन का मंत्र।
ब्रह्माकुमारीज़ शिवराम नगर सेवा केंद्र द्वारा वसंतराव नाइक मराठवाड़ा कृषि विद्यापीठ के अश्वमेध मैदान में 'खुशियों का पासवर्ड' विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीके शिवानी दीदी ने समझाया कि खुशियां किसी बाहरी परिस्थिति, वस्तु या उपलब्धि पर निर्भर नहीं होतीं, बल्कि हमारे अपने विचारों और मन की अवस्था में छिपी होती हैं।
उन्होंने प्रेरित किया कि
हमारे शहर में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति यदि खुशी की तलाश में आए, तो यहां से दूसरों को खुशी देने वाला बनकर जाए। अशांत व्यक्ति मन की शांति और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति लेकर लौटे। इसके लिए हमें अपने विचारों में सकारात्मकता, व्यवहार में प्रेम और जीवन में शांति धारण करनी होगी।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार की पालक मंत्री मेघना बोर्डीकर, वसंतराव नाइक मराठवाड़ा कृषि विद्यापीठ के कुलगुरु डॉ. इंद्रमणि तथा परभणी नगरपालिका आयुक्त सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। पुणे मीरा सोसाइटी की उपक्षेत्र संचालिका बीके सुनंदा दीदी, बीके उषा दीदी, माउंट आबू से डॉ. कैलाश तथा शिवराम नगर सेवा केंद्र की संचालिका बीके अर्चना भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
सोलापुर में 'सरल मन, सरल जीवन' का दिया प्रेरणादायी संदेश।
वहीं सोलापुर में ब्रह्माकुमारीज़ उपक्षेत्र की ओर से हरिभाई देवकरण प्रशाला मैदान में 'सरल मन, सरल जीवन' विषय पर भव्य व्याख्यान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बीके शिवानी दीदी ने कहा कि
जीवन की असली जीत दूसरों पर नहीं, बल्कि अपने मन और विचारों पर विजय प्राप्त करने में है। उन्होंने सभी को विशेष रूप से प्रेरित किया कि सोने से पहले और सुबह उठने के बाद एक-एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर स्वयं को समय दें।
उन्होंने समझाया कि आत्मा एक ज्योति स्वरूप है और ज्ञान का नियमित चिंतन आत्मा की शक्ति को बढ़ाता है। जब हम प्रतिदिन अपने विचारों, शब्दों, कर्मों और संस्कारों को श्रेष्ठ बनाने का अभ्यास करेंगे, तो हमारे संकल्प शुद्ध होते जाएंगे। क्योंकि संस्कारों से ही संसार का निर्माण होता है।
कार्यक्रम में सांसद प्रणिति शिंदे, विधायक सचिन कल्याण शेट्टी, उपमहापौर ज्ञानेश्वरी देवकर, महानगरपालिका आयुक्त सचिन उंबासे, पुलिस आयुक्त एम. राजकुमार, भाजपा शहराध्यक्ष रोहिणी तड़वलकर तथा स्थायी समिति की सभापति रंजीता चाकोते सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
दोनों शहरों में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने बीके शिवानी दीदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन से तनावमुक्त, सकारात्मक, संस्कारयुक्त और खुशहाल जीवन जीने की नई दिशा प्राप्त की।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से यही संदेश दिया गया कि जब हम अपने मन को शांत, विचारों को श्रेष्ठ और संस्कारों को पवित्र बनाते हैं, तभी सच्ची खुशी और शांति का अनुभव कर सकते हैं।



















