19 अगस्त 2026 को मुंबई के चर्चगेट स्थित पाटकर हॉल में महाराष्ट्र के माननीय राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा जी की उपस्थिति में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 1,000 कॉलेज विद्यार्थियों एवं अन्य भाई-बहनों ने भाग लिया। राष्ट्रगान के बाद ब्रह्माकुमारीज़ की संयुक्त प्रशासनिक प्रमुख राजयोगिनी बीके संतोष दीदी जी ने माननीय राज्यपाल जी एवं सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने सभी को अपने आशीर्वचन देते हुए माउंट आबू आने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण भी दिया।
माननीय राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा जी ने उपस्थित सभी लोगों को स्वयं नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा की जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए इस नशा मुक्ति अभियान में अपना सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर श्री मंगल प्रभात लोधा जी, कैबिनेट मंत्री, स्किल डेवलपमेंट एंड एम्प्लॉयमेंट, ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ के साथ अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए बहनों के निस्वार्थ त्याग और सेवाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत नरनावरे (IAS), सचिव, माननीय राज्यपाल; प्रो. उज्ज्वला चक्रदेव, कुलपति, SNDT Women’s University; डॉ. बनारसीलाल भाई जी, चेयरपर्सन, मेडिकल विंग; तथा डॉ. हेमलता बागला, कुलपति, HSBC University, Mumbai सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बनारसीलाल भाई जी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के पश्चात माननीय राज्यपाल जी एवं सभी विशिष्ट अतिथियों ने नशा मुक्ति वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
यह अभियान युवाओं एवं समाज को नशे से मुक्त रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा सकारात्मक और मूल्य-आधारित जीवन जीने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।































