नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ एवं भूस्खलन में जान गंवाने वाली दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा प्रभावित परिवारों को शक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ नेपाल द्वारा विशेष शांति एवं राजयोग ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
काठमांडू में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1,000 ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने राजयोग ध्यान के माध्यम से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा पीड़ित परिवारों के लिए शक्ति, धैर्य और आशा के सकारात्मक संकल्प किए। इस अवसर पर विपदा से प्रभावित सभी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें आध्यात्मिक शक्ति और मानसिक संबल प्रदान करने के लिए विशेष ध्यान किया गया।
इसी सेवा क्रम को आगे बढ़ाते हुए नुवाकोट के विदुर नगरपालिका-2 में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई तथा भोजन सेवा भी प्रदान की गई। साथ ही, ब्रह्माकुमारीज़ नेपाल की ओर से प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए सहयोग संकलन का कार्य भी जारी है।
विपदा की इस घड़ी में ब्रह्माकुमारीज़ नेपाल ने सेवा, सहयोग और आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया। संस्था द्वारा उनके पुनर्वास, कल्याण एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सकारात्मक प्रकम्पन और शुभ संकल्प प्रदान करते रहने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
































